एम्स्टर्डम में आयोजित ‘प्राइड बोट परेड’ में प्रधानमंत्री जेटन भी शामिल हुए
एम्स्टर्डम में आयोजित 'प्राइड बोट परेड' में प्रधानमंत्री जेटन भी शामिल हुए
एम्स्टर्डम, दो अगस्त (एपी) नीदरलैंड की राजधानी एम्स्टर्डम में शनिवार को ‘प्राइड बोट परेड’ आयोजित किया गया जिसे देखने के लिए शहर की मुख्य नहर के किनारे हजारों लोग जमा हुए।
यह आयोजन ऐसे समय हुआ, जब ठीक एक सप्ताह पहले जर्मनी के बर्लिन में प्राइड कार्यक्रम पर जानलेवा हमला हुआ था।
सफेद शर्ट, काले लाइफ जैकेट और सुनहरे आभूषण पहने नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटन रंग-बिरंगी 80 नौकाओं की परेड में एक छोटी नाव पर सवार हुए थे और लोगों का अभिवादन किया। जेटन ने सार्वजनिक रूप से स्वयं के समलैंगिक होने की घोषणा की है।
यह कार्यक्रम बर्लिन में हुए हमले के महज एक सप्ताह बाद आयोजित किया गया। उस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 29 अन्य घायल हुए थे। अधिकारियों के अनुसार, बर्लिन में संदिग्ध अब्दुल बल्लौत ने ‘एलजीबीटीक्यू+’ समुदाय के प्राइड महोत्सव के दौरान भीड़ को वैन से रौंद दिया था और बाद में कथित तौर पर दाव से कई लोगों पर हमला किया था।
अधिकारियों का मानना है कि यह इस्लामी चरमपंथ से प्रेरित हमला था। रविवार को शहर के बाहरी इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ में बल्लौत मारा गया।
बर्लिन हमले के मद्देनजर एम्स्टर्डम में प्राइड बोड परेड के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए थे। पुलिसकर्मी मोटरबोट से नहर में गश्त कर रहे थे जबकि हेलीकॉप्टर की मदद से आसमान से नजर रखी जा रही थी।
एपी
राखी धीरज
धीरज

Facebook


