(फोटो के साथ)
मेलबर्न, नौ जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को ऑस्ट्रेलिया की गर्वनर जनरल सैम मोस्टिन से मुलाकात कर दोनों देशों के लंबे समय से कायम प्रगाढ़ द्विपक्षीय संबंधों, लोगों के बीच मजबूत आपसी जुड़ाव के साथ-साथ बहुआयामी साझेदारी को और बेहतर बनाने पर चर्चा की।
मोदी तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण के तहत ऑस्ट्रेलिया में हैं। वह बुधवार को इंडोनेशिया से यहां पहुंचे थे।
मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज से मुलाकात के बाद मेलबर्न में मोस्टिन से मुलाकात की।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी और मोस्टिन ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंबे समय से कायम मजबूत संबंधों, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, लोगों के बीच मजबूत आपसी जुड़ाव और विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग पर विचार-विमर्श किया।
मंत्रालय ने कहा, ‘प्रधानमंत्री ने अल्बानीज के साथ शिखर वार्ता को लेकर संतोष व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि लोगों के बीच मजबूत संबंध दोनों देशों के बीच करीबी और बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत बना रहे हैं।’
मंत्रालय के बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के बढ़ते दायरे और विविधता पर चर्चा की तथा दोनों देशों के बीच बढ़ती आर्थिक साझेदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मंत्रालय के अनुसार उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापार, निवेश, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग से नए अवसर पैदा होंगे और दोनों देशों के लोगों को लाभ होगा।
मंत्रालय ने कहा, ‘दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच बढ़ते खेल संबंधों पर भी संतोष व्यक्त किया और भारत में 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों तथा ऑस्ट्रेलिया में 2032 में होने वाले ओलंपिक खेलों से पहले आपसी सहयोग और बढ़ाने का आह्वान किया।’
इससे पहले मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से मुलाकात की और उनके कार्यकाल के दौरान दोनों देशों के संबंधों में हुई ‘महत्वपूर्ण प्रगति’ को याद किया।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री श्री स्कॉट मॉरिसन से मिलकर हमेशा अच्छा लगता है। भारत-ऑस्ट्रेलिया की मित्रता को लेकर दोनों के बीच अच्छी बातचीत हुई।’
एमईए ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी और मॉरिसन ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी में हुई ‘महत्वपूर्ण प्रगति’ पर चर्चा की।
मंत्रालय ने कहा, ‘दोनों नेताओं ने मॉरिसन के कार्यकाल के दौरान भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों में हुई महत्वपूर्ण प्रगति को याद किया, जो आज भी दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को मजबूत बना रही है।’
मॉरिसन अगस्त 2018 से मई 2022 तक ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री रहे थे।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मेलबर्न में हुई मुलाकात के लिए मोदी का धन्यवाद किया।
मॉरिसन ने कहा, ‘हम दोनों ने मिलकर ऑस्ट्रेलिया-भारत संबंधों को अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचाया। मैं उनकी यात्रा के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। ”
इसके अलावा मोदी ने विक्टोरिया के गवर्नर मार्गरेट गार्डनर एसी से भी विक्टोरिया के गवर्नमेंट हाउस में मुलाकात की।
वहां ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बानीज़ की मौजूदगी में उनका औपचारिक स्वागत किया गया।
एमईए ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इससे भारत-ऑस्ट्रेलिया की लंबे समय से बनी मजबूत साझेदारी की पुन: पुष्टि हुई।
एमईए के अनुसार, मोदी और गार्डनर ने भारत और विक्टोरिया के बीच बढ़ते शैक्षिक संबंधों पर चर्चा की जिनमें शैक्षणिक सहयोग, अनुसंधान साझेदारी और छात्रों की आवाजाही शामिल है।
एमईए ने कहा, ‘दोनों नेताओं ने माना कि दोनों देशों के लोगों के बीच जीवंत संबंध भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी का एक प्रमुख आधार हैं।’
भाषा
जोहेब नरेश
नरेश