काठमांडू, 23 अगस्त (भाषा) नेपाल और भारत के सुरक्षा अधिकारियों ने सीमा पार आपराधिक गतिविधियों और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के तरीकों पर चर्चा की तथा संयुक्त सीमा गश्त बढ़ाने और नियमित रूप से सूचनाओं का आदान-प्रदान करने का फैसला किया।
नेपाल के मधेश प्रांत के तीन जिलों और भारत के सीमावर्ती जिलों के सुरक्षा अधिकारियों की समन्वय बैठक शनिवार को प्रांत के जलेश्वर शहर में हुई।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता महोत्तरी जिले के मुख्य जिला अधिकारी इंद्र देव यादव और बिहार के सीतामढ़ी के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने की।
अधिकारियों के अनुसार, बैठक में सीमा पार सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मौजूदा मुद्दों पर चर्चा की गई और पिछली बैठकों में लिए गए फैसलों के क्रियान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों ने सीमा पार अपराधों से निपटने की रणनीतियों पर भी चर्चा की। इनमें हथियार और मादक पदार्थ की तस्करी, मानव तस्करी, सीमा सुरक्षा तथा सीमा चौकियों के रखरखाव से जुड़े मुद्दे शामिल थे।
अधिकारियों ने बताया कि आपसी समन्वय और सहयोग के महत्व को रेखांकित करते हुए दोनों पक्षों ने संयुक्त गश्त का दायरा बढ़ाने और सीमा पार अपराधों से जुड़ी सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान बढ़ाने का फैसला किया।
नेपाल की ओर से सरलाही और रौतहट जिलों के मुख्य जिला अधिकारियों ने बैठक में हिस्सा लिया। भारतीय पक्ष की ओर से बिहार के सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के साथ विभिन्न सुरक्षा अधिकारियों ने भाग लिया।
भाषा अमित नरेश
नरेश