शी चिनफिंग से वार्ता के लिए पुतिन करेंगे चीन का दौरा

Ads

शी चिनफिंग से वार्ता के लिए पुतिन करेंगे चीन का दौरा

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 06:57 PM IST

बीजिंग, 18 मई (भाषा) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मंगलवार को चीन का दौरा करेंगे। उनका यह दौरा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन की यात्रा के ठीक बाद हो रहा है।

चीनी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि रूस के राष्ट्रपति की दो दिवसीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शी चिनफिंग और पुतिन द्विपक्षीय संबंधों, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग, साथ ही पारस्परिक हित के अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने बीजिंग में प्रेस वार्ता में बताया कि यह पुतिन की चीन की 25वीं यात्रा होगी। उन्होंने दोनों देशों के बीच घनिष्ठ रणनीतिक संबंधों के साथ-साथ नेताओं के बीच मजबूत मित्रता और तालमेल पर जोर दिया।

गुओ ने कहा, ‘‘दोनों पक्ष इस यात्रा को अवसर के रूप में लेते हुए चीन-रूस संबंधों को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रखेंगे, जिससे दुनिया में अधिक स्थिरता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।’’

चिनफिंग के 2012 में सत्ता संभालने के बाद से दोनों नेताओं की दर्जनों बार मुलाकात हो चुकी है। वे अक्सर एक-दूसरे को ‘प्रिय मित्र’ कहकर संबोधित करते रहे हैं और आपसी भरोसे पर जोर देते रहे हैं।

पुतिन की बीजिंग यात्रा, ट्रंप की 14 से 16 मई तक हुई तीन दिवसीय चीन यात्रा के कुछ ही दिनों बाद हो रही है। इस दौरान ट्रंप ने चिनफिंग के साथ वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत की थी।

ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी का मुद्दा भी छाया रहा। पश्चिम एशिया में संघर्ष के चलते इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर नाकेबंदी के कारण दुनिया भर में गंभीर ऊर्जा संकट उत्पन्न हो गया है।

भाषा आशीष नरेश

नरेश