राजनाथ सिंह ने कोलंबो में आईपीकेएफ स्मारक पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी
राजनाथ सिंह ने कोलंबो में आईपीकेएफ स्मारक पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी
(तस्वीरों के साथ)
कोलंबो, नौ सितंबर (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कोलंबो स्थित भारतीय शांति सेना (आईपीकेएफ) स्मारक का दौरा किया और कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। सिंह मंगलवार को तीन दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका पहुंचे थे।
सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कोलंबो स्थित आईपीकेएफ स्मारक का दौरा किया और कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले हमारे वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्र उनके सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।’’
आईपीकेएफ भारत की ओर से जुलाई 1987 में श्रीलंका भेजी गई सैन्य टुकड़ी थी। इसे अलगाववादी उग्रवादी संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) का निशस्त्रीकरण करने और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के प्रयासों के तहत भेजा गया था।
यह स्मारक आईपीकेएफ में सेवाएं देने वाले और कर्तव्य की राह में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 1,155 भारतीय सैनिकों की याद में स्थापित किया गया है। सिंह ने श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय का भी दौरा किया और वहां देश के वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व से बातचीत की।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय की यात्रा के दौरान मुझे वहां के वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व से बातचीत करने का अवसर मिला। उनमें से कई ने भारत में प्रशिक्षण प्राप्त किया है और भारत के साथ उनका गहरा संबंध है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अपनी संक्षिप्त टिप्पणी में मैंने ‘पारस्परिक’ और ‘समग्र’ विकास के लिए ‘महासागर’ दृष्टिकोण को रेखांकित किया और समुद्री सहयोग पर विशेष जोर देते हुए भारत-श्रीलंका के लंबे समय से चले आ रहे रक्षा और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।’’
इससे पहले दिन में सिंह ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच बहुआयामी साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इसमें क्षेत्र की सुरक्षा, शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने के उपाय भी शामिल थे।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


