विरोध दर्ज कराने के लिए दिल्ली हवाई अड्डे से ही स्वदेश लौटा: बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सलाहकार
विरोध दर्ज कराने के लिए दिल्ली हवाई अड्डे से ही स्वदेश लौटा: बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सलाहकार
ढाका, 16 जून (भाषा) बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के एक वरिष्ठ सलाहकार ने कहा कि नयी दिल्ली हवाई अड्डे पर शुरुआत में उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया, जिसके बाद उन्होंने ‘‘तत्काल विरोध’’ जताने के लिए स्वदेश लौटने का फैसला किया।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘बीएसएस’ की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री के नीति और रणनीति मामलों तथा सूचना एवं प्रसारण मामलों के सलाहकार डॉ. जाहिद उर रहमान को रविवार को उस वक्त नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर रोका गया था, जब नियमित सुरक्षा जांच के दौरान उनका नाम संदिग्ध सूची में पाया गया था।
एजेंसी ने आगे बताया कि हालांकि बाद में भारतीय अधिकारियों ने उन्हें अपनी यात्रा जारी रखने की अनुमति दे दी थी, लेकिन उन्होंने स्वदेश लौटने का फैसला किया।
इस घटना के बारे में पहली बार बात करते हुए रहमान ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मुझे लगा कि तत्काल विरोध दर्ज कराने की आवश्यकता है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी अधिकारियों द्वारा उनकी आधिकारिक यात्रा की पूर्व सूचना दिए जाने के बावजूद दिल्ली हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद उन्हें लगभग ढाई घंटे तक इंतजार कराया गया और शुरुआत में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगा कि देश के भीतर और बाहर यह संदेश जाना चाहिए कि यह (अपदस्थ प्रधानमंत्री) शेख हसीना की सरकार नहीं है; यह जनता द्वारा चुनी गई सरकार है।”
उन्होंने कहा कि बाद में उच्च पदस्थ अधिकारियों के निर्देश पर भारतीय अधिकारियों ने उनके प्रवेश में मदद करने की कोशिश की, लेकिन विरोध जताने के लिए उन्होंने अपने देश लौटना ही बेहतर समझा। वह कोलंबो होते हुए ढाका लौटे।
बांग्लादेश ने सोमवार को भारत के उप उच्चायुक्त पवन बाधे को तलब किया और इस घटना पर अपनी ‘गहरी निराशा’ जाहिर की।
रहमान ने कहा कि उनका उद्देश्य इस घटना को लेकर किसी प्रकार की “जैसे को तैसा” वाली स्थिति पैदा करना नहीं था। उन्होंने कहा कि व्यापार सहित सभी क्षेत्रों में सहयोग समानता के आधार पर होना चाहिए।
सलाहकार सार्क वीज़ा वाले सामान्य बांग्लादेशी पासपोर्ट पर यात्रा कर रहे थे और उनके पास राजनयिक पासपोर्ट नहीं था।
भाषा सुरभि दिलीप
दिलीप

Facebook


