रूस ने दक्षिणी यूक्रेन के एक शहर पर ग्लाइड बम दागे, एक व्यक्ति की मौत, कई अन्य घायल

Ads

रूस ने दक्षिणी यूक्रेन के एक शहर पर ग्लाइड बम दागे, एक व्यक्ति की मौत, कई अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 07:53 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 07:53 PM IST

कीव, तीन अगस्त (एपी) रूसी विमानों ने दक्षिणी यूक्रेनी शहर जापोरिज्जिया के रिहायशी इलाकों में 90 मिनट के अंदर आठ शक्तिशाली ग्लाइड बम गिराए, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए। क्षेत्रीय प्रमुख इवान फेडोरोव ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रूस ने चार साल से भी ज्यादा समय पहले अपने पड़ोसी देश पर हमला करने के बाद से यूक्रेनी कस्बों और शहरों को तबाह करने के लिए ग्लाइड बमों का इस्तेमाल किया है। ये हथियार सोवियत-युग के बम हैं, जिनमें गाइडेंस सिस्टम लगाए गए हैं और ये 3,000 किलोग्राम तक विस्फोटक ले जा सकते हैं। यूक्रेन के पास इनका मुकाबला करने का कोई असरदार तरीका नहीं है।

फेडोरोव ने बताया कि रविवार शाम जापोरिज्जिया पर हुए हमले में 71 साल की एक महिला की मौत हो गई और 31 लोग घायल हो गए, जिनमें 16 साल की एक लड़की भी शामिल है। बमों से शहर के चार इलाकों में 22 रिहाइशी इमारतों को नुकसान पहुंचा।

रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों से यूक्रेन के आम नागरिकों वाले इलाकों में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। रविवार देर रात राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने देशों से यूक्रेन को और ज्यादा अमेरिकी ‘पैट्रियट’ वायु रक्षा प्रणाली भेजने की एक और अपील की।

सिर्फ ‘पैट्रियट इंटरसेप्टर’ ही बैलिस्टिक मिसाइलों को भरोसेमंद तरीके से रोक सकते हैं, लेकिन ईरान युद्ध के कारण इनकी कमी है।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा, “दुनिया के पास पैट्रियट मिसाइलें हैं। अब जरूरी बात यह है कि हमारे सहयोगी जरूरी सामग्री देने का राजनीतिक फैसला लें।” उन्होंने कहा, “अमेरिका जानता है कि हमें किस चीज की जरूरत है। यूरोप भी यह जानता है। एंटी-बैलिस्टिक मिसाइलों का काम लोगों की सुरक्षा करना है – न कि उन्हें बस भंडार में जमा करके रखना।”

यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार, रूस ने रविवार और सोमवार की रात यूक्रेन पर लंबी दूरी तक मार करने वाले 181 ड्रोन से हमला किया। वायु सेना ने बताया कि वायु रक्षा प्रणाली ने 163 ड्रोन को जाम करके रोक दिया, लेकिन 14 ड्रोन ने 13 जगहों पर नुकसान पहुंचाया।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेनाओं ने यूक्रेनी सेना के लिए सामान ले जा रहे चार बड़े मालवाहक जहाजों पर हमला किया – इनमें से तीन काले सागर के पानी में और एक मायकोलाइव बंदरगाह पर था – लेकिन मंत्रालय ने इसके बारे में और कोई जानकारी नहीं दी।

दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।

एपी प्रशांत दिलीप

दिलीप