भारत से सटे नेपाल के जिलों में सांप्रदायकि हिंसा के बाद सामान्य स्थिति बहाल

Ads

भारत से सटे नेपाल के जिलों में सांप्रदायकि हिंसा के बाद सामान्य स्थिति बहाल

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 07:33 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 07:33 PM IST

काठमांडू, तीन अगस्त (भाषा) भारत से सटे नेपाल के दक्षिणी मधेश और कोशी प्रांतों में कई दिन तक सांप्रदायिक हिंसा के बाद सोमवार को हालात सामान्य हो गए और कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ।

भारत से सटे कोशी प्रांत के सुनसरी जिले में 26 जुलाई को अलग-अलग कार्यक्रम कर रहे दो समुदायों के लोगों के बीच लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और धार्मिक झंडे लगाने को लेकर झड़प के बाद सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी।

हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई थी और यह हिंसा आसपास के इलाकों में भी फैल गई थी।

एहतियात के तौर पर लगाए गए कर्फ्यू और निषेधाज्ञा में पिछले कुछ दिन में हालात सुधरने के बाद ढील दे दी गई।

मधेश प्रांत के धनुषा जिले में विभिन्न प्रदर्शनकारी समूहों के आंदोलन खत्म करने के बाद शनिवार सुबह से लागू निषेधाज्ञा सोमवार सुबह पांच बजे से हटा दी गई। मुख्य जिला अधिकारी प्रेम प्रसाद लुइटेल ने एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।

जिला प्रशासन कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मधेश प्रांत के सिराहा जिले के गोलबाजार इलाके में भी रविवार शाम सात बजे से कर्फ्यू में ढील दे दी गई।

प्रांत के सप्तरी जिले और लहान नगर पालिका में भी सुरक्षा स्थिति सामान्य होने के बाद शनिवार को कर्फ्यू हटा लिया गया था।

इस बीच, हिंसा के बाद एहतियात के तौर पर लुंबिनी प्रांत के नेपालगंज क्षेत्र में नेपाल-भारत सीमा चौकी पर उच्च सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश