रूस के हवाई हमले से यूक्रेन में नौ लोगों की मौत, जेलेंस्की का उत्तर कोरिया पर रूस की मदद करने का आरोप
रूस के हवाई हमले से यूक्रेन में नौ लोगों की मौत, जेलेंस्की का उत्तर कोरिया पर रूस की मदद करने का आरोप
कीव, 11 अगस्त (एपी) रूस ने मिसाइलों, ड्रोन और ग्लाइड बमों से यूक्रेन के शहरों पर हमले किए, जिनमें कम से कम नौ आम नागरिक मारे गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि मॉस्को को चार साल से ज़्यादा समय से चल रहे हमले के लिए उत्तर कोरिया से नई सैन्य मदद मिल रही है।
जेलेंस्की ने कहा कि रूसी सेना ने दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन के शहर जापोरिज्जिया पर रात भर हमले में उत्तर कोरिया से मिली बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में छह लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए।
मध्य द्निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि इस इलाके में रूसी ड्रोन एवं तोपखाने के हमलों में तीन और लोगों की मौत हो गई, जिनमें 15 साल का एक लड़का भी शामिल है।
जेलेंस्की ने सोमवार देर रात कहा कि रूस को उत्तर कोरिया से और बैलिस्टिक मिसाइलें मिली हैं तथा वह उत्तर कोरिया के और सैनिकों को तैनात करने की तैयारी कर रहा है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने दो साल से कुछ अधिक समय पहले एक रणनीतिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसमें वादा किया गया है कि अगर उनमें से किसी भी देश पर हमला होता है, तो वे एक-दूसरे की मदद करेंगे।
किम ने यूक्रेन पर रूस के हमले का समर्थन करने के लिए हज़ारों सैनिक और भारी मात्रा में हथियार भेजे हैं।
कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि मॉस्को के साथ इस सहयोग से उत्तर कोरिया की सैन्य क्षमताएं बेहतर हो रही हैं। जेलेंस्की ने चेतावनी दी है कि युद्ध के मैदान का यह अनुभव उत्तर कोरिया को अपने क्षेत्र के दूसरे देशों को धमकाने में मदद करेगा।
एपी
राजकुमार दिलीप
दिलीप

Facebook


