रूसी हमलों में कीव क्षेत्र में चार लोगों की मौत; सर्बिया पहुंचे जेलेंस्की
रूसी हमलों में कीव क्षेत्र में चार लोगों की मौत; सर्बिया पहुंचे जेलेंस्की
बेलग्रेड, आठ अगस्त (एपी) यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के क्षेत्र में रूस के हमलों में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की सर्बिया की यात्रा पर हैं। सर्बिया यूरोप के उन कुछ देशों में शामिल है, जिन्होंने यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद भी मॉस्को के साथ अपने दोस्ताना संबंध कायम रखे हैं।
कीव और आसपास के इलाकों में रातभर हुए रूसी हमलों में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, यूक्रेनी सेना ने रूस के तेल ठिकानों को निशाना बनाया।
जेलेंस्की शुक्रवार को सर्बिया की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के लिए बेलग्रेड पहुंचे।
बेलग्रेड में जेलेंस्की के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक ने यूक्रेन को ‘‘मित्र राष्ट्र’’ बताया। उन्होंने कहा कि वह यूक्रेनी नेता का स्वागत कर सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
दोनों नेताओं ने अपने-अपने देशों के यूरोपीय संघ में शामिल होने के प्रयासों, द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के ब्रोवरी जिले में रूसी ड्रोन हमलों से एक मकान ध्वस्त हो गया, जिसमें बुजुर्ग दंपति और उनके तीन वर्षीय पोते की मौत हो गई।
जेलेंस्की ने बताया कि कीव में ‘‘नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर छह बैलिस्टिक मिसाइल से किए गए हमले’’ में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई।
यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस की ओर से रात में दागे गए 151 ड्रोन में से 135 को उसने मार गिराया या बीच में ही रोक दिया। हमले में छह बैलिस्टिक मिसाइल और अन्य निर्देशित मिसाइल का भी इस्तेमाल किया गया।
वहीं, रूस में स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र स्थित इल्स्की तेल रिफाइनरी में ड्रोन का मलबा गिरने से आग लग गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए।
यूक्रेन द्वारा घरेलू स्तर पर विकसित हथियारों से किए जा रहे मिसाइल हमलों ने कई महीनों से रूस के तेल प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस अभियान के कारण ईंधन संकट से रूस की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
एपी आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


