क्रीमिया में रूसी सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 29 लोगों की मौत

Ads

क्रीमिया में रूसी सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 29 लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 11:53 AM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 11:53 AM IST

मॉस्को, एक अप्रैल (एपी) रूस का एक सैन्य विमान उसके कब्जे वाले क्रीमिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार चालक दल के छह सदस्य और 23 यात्री मारे गए। रूसी समाचार एजेंसियों ने देश के रक्षा मंत्रालय के हवाले से बुधवार तड़के यह जानकारी दी।

खबरों के अनुसार, एएन-26 सैन्य परिवहन विमान क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर एक निर्धारित उड़ान पर था और मंगलवार शाम करीब छह बजे सेना का विमान से संपर्क टूट गया। क्रीमिया को रूस ने 2014 में यूक्रेन से अपने कब्जे में ले लिया था।

रूसी समाचार एजेंसी ‘इंटरफैक्स’ ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है और विमान के साथ किसी प्रकार की ‘‘छेड़छाड़’’ नहीं हुई थी।

सरकारी समाचार एजेंसियों ‘तास’ और ‘आरआईए नोवोस्ती’ के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद सूत्रों ने बताया कि विमान एक चट्टान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

एएन-26 सोवियत काल में डिजाइन किया गया एक सैन्य परिवहन ‘टर्बोप्रॉप’ विमान है।

एपी गोला शोभना

शोभना