यूक्रेनी ड्रोन हमले में रूस की तेल रिफाइनरी को बनाया गया निशाना

Ads

यूक्रेनी ड्रोन हमले में रूस की तेल रिफाइनरी को बनाया गया निशाना

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 03:45 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 03:45 PM IST

कीव, नौ जुलाई (एपी) यूक्रेन के ड्रोन हमलों में बृहस्पतिवार को रूस की तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया और अजोव सागर में दो तेल टैंकर में आग लग गई।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यूक्रेन को ‘पैट्रियट’ वायु रक्षा प्रणाली बनाने का लाइसेंस देने का वादा करने के एक दिन बाद यह हमला हुआ है।

रूस की कई तेल रिफाइनरी और दूसरे बुनियादी ढांचों पर यूक्रेन के हमलों से बड़े पैमाने पर ईंधन का संकट पैदा हो गया है। कई इलाकों में पेट्रोल की कमी और ईंधन की सीमित आपूर्ति की खबरें हैं।

कार्यकारी गवर्नर विटाली कोरोल्योव ने आज सुबह बताया कि यूक्रेनी ड्रोन हमले से पश्चिमी रूस के त्वेर शहर में एक तेल डिपो में आग लग गई।

दक्षिणी स्टावरोपोल के गवर्नर व्लादिमीर व्लादिमीरोव ने बताया कि व्याज्निकी में यूक्रेनी ड्रोन हमले के कारण तेल के भंडार में आग लग गई।

रोस्तोव के गवर्नर यूरी स्लुसार के अनुसार, अजोव सागर में यूक्रेनी ड्रोन से दो तेल टैंकर में आग लग गई। उन्होंने बताया कि एक जहाज अब भी जल रहा है और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वायु रक्षा प्रणाली ने बुधवार देर रात से बृहस्पतिवार सुबह तक यूक्रेन के 73 ड्रोन नष्ट किये।

यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने बुधवार रात यूक्रेन पर लंबी दूरी तक मार करने वाले 94 ड्रोन और दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। सेना के मुताबिक, 72 ड्रोन को जाम कर दिया गया या बीच में ही रोक दिया गया, जबकि 19 ड्रोन और दोनों मिसाइलों ने 13 जगहों पर नुकसान पहुंचाया।

एपी शफीक सुरेश

सुरेश