रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों में कीव में 15 लोगों की मौत

Ads

रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों में कीव में 15 लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 12:43 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 12:43 PM IST

कीव, पांच अगस्त (एपी) यूक्रेन की राजधानी कीव और उसके आसपास के क्षेत्रों में रूस के मिसाइल और ड्रोन हमलों में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई तथा 42 अन्य लोग घायल हो गए। यूक्रेन की सरकारी आपातकालीन सेवा ने बुधवार को यह जानकारी दी।

रूस ने मंगलवार रात से बुधवार तड़के तक ये हमले किए। रूस यूक्रेन के खिलाफ बड़े पैमाने पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले कर रहा है। इस साल गर्मियों से ऐसे हमले लगभग नियमित हो गए हैं।

यूक्रेन के पास अमेरिका निर्मित ‘पैट्रियट’ प्रणालियों की मिसाइलों का सीमित भंडार है। उसके पास मौजूद हवाई रक्षा प्रणालियों में केवल ‘पैट्रियट’ ही बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में सक्षम है।

इस बीच, यूक्रेन ने भी रूस की तेल रिफाइनरियों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले तेज कर दिए हैं।

यूक्रेन की आपातकालीन सेवा ने बताया कि राजधानी के आसपास के क्षेत्र में 14 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए। ब्रोवरी, बुचा और फास्तिव जिलों में कई स्थानों पर आग लग गई।

कीव नगर सैन्य प्रशासन ने बताया कि राजधानी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए।

एपी सिम्मी शोभना

शोभना