सिंगापुर, छह मार्च (भाषा) सिंगापुर सरकार अगले पांच सालों में यहां रहने वाले भारतीय मूल के लोगों की पहचान को मजबूत करने, समुदाय को बेहतर बनाने की कोशिशों में समन्वय करने और युवा नेतृत्व तैयार करने के लिए एक नई ‘भारतीय साझेदारी और विकास पहल’ (आईएनईआई) समिति बना रही है।
चैनल न्यूज एशिया की शुक्रवार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह अलग-अलग हितधारकों और सामुदायिक समूहों के साथ कई साझेदारियों और विचार-विमर्श के बाद किया जा रहा है, जिसमें 150 से ज़्यादा सिंगापुरी-भारतीय संगठन और 35 साल तथा इससे कम उम्र के 240 से अधिक सिंगापुरी-भारतीय युवा शामिल हैं।
आईएनईआई समिति की अध्यक्षता वरिष्ठ परिवहन और विधि राज्य मंत्री मुरली पिल्लई करेंगे। इससमें संस्कृति, समुदाय और युवा मामलों के राज्य मंत्री दिनेश वासु दाश भी होंगे। दोनों ही भारतीय मूल के हैं।
दिनेश ने कहा, ‘‘यह समुदाय की, समुदाय के लिए एक समिति होगी। इसका मकसद भारतीय समुदाय में मजबूत नेटवर्क बनाना है, और उन साझेदारों को एक साथ लाना है जो पहले से ही जमीन पर अच्छा काम कर रहे हैं।’’
भाषा वैभव मनीषा
मनीषा