ईरान के कुछ हवाई हमले अब भी लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं: हेगसेथ

Ads

ईरान के कुछ हवाई हमले अब भी लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं: हेगसेथ

  •  
  • Publish Date - March 4, 2026 / 09:28 PM IST,
    Updated On - March 4, 2026 / 09:28 PM IST

वाशिंगटन, चार मार्च (एपी) अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बुधवार को स्वीकार किया कि ईरान के कुछ हवाई हमले अभी भी लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका की सैन्य सर्वोच्चता उसे इस्लामी गणराज्य के हवाई क्षेत्र पर तेजी से नियंत्रण करने में मदद कर रही है।

ईरान पर इजराइल के साथ हमले शुरू करने के कुछ दिन बाद, हेगसेथ ने पेंटागन में संवाददाताओं से कहा कि अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी सेना और सहयोगियों की सुरक्षा के लिए वायु रक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने में ‘‘कोई कसर’’ नहीं छोड़ी है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसका मतलब यह नहीं है कि हम सब कुछ रोक सकते हैं, लेकिन हमने यह पक्का किया कि हमला करने से पहले अधिक से अधिक रक्षा और प्रतिरक्षा तैयार किया जाए।’’

उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब इलाके में और ड्रोन या मिसाइल हमलों से सैनिकों को नुकसान हो सकता है। वहीं, डोनाल्ड ट्रंप और शीर्ष रक्षा अधिकारियों ने इस लड़ाई में और अमेरिकी लोगों के मारे जाने की आशंका जताई है क्योंकि यह संघर्ष लंबा चल सकता है।

जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने उसी संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अमेरिकी सैनिक अभी भी खतरे में हैं, और हमें यह साफ पता होना चाहिए कि जोखिम अभी भी बहुत ज़्यादा है।’’ रविवार को कुवैत में एक नागरिक बंदरगाह के बीचों-बीच एक अभियान केंद्र पर ईरानी ड्रोन हमले में छह सैनिक मारे गए, जो मुख्य सैन्य ठिकाने से मीलों दूर है।

रविवार को कुवैत के बंदरगाह के बीचों-बीच एक अभियान केंद्र पर ईरानी ड्रोन हमले में छह सैनिक मारे गए।

जान गंवाने वाले सैनिकों में से एक के पति का कहना है कि यह केंद्र एक पोत परिवहन कंटेनर शैली की इमारत थी और उसमें कोई सुरक्षा नहीं थी।

हेगसेथ ने लड़ाई के लिए ट्रंप प्रशासन द्वारा पहले बताई गई समय-सीमा से ज़्यादा लंबे समय का भी संकेत दिया, उन्होंने कहा कि यह आठ हफ़्ते तक चल सकता है लेकिन अमेरिका के पास ईरान को युद्ध में हराने के लिए हथियार और साजो-सामान हैं।

उन्होंने कोई खास समय सीमा तय करने से मना कर दिया, और कहा कि लड़ाई कितनी लंबी चलेगी, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि यह कैसे आगे बढ़ती है।

उन्होंने कहा, ‘‘आप चार हफ़्ते कह सकते हैं, लेकिन यह छह, आठ, तीन भी हो सकता है।”

हेगसेथ ने कहा कि इस इलाके में लड़ाकू विमान और बमवर्षक समेत और भी सेनाएं पहुंच रही हैं, और अमेरिका “सफल होने के लिए जितना समय चाहिए,उतना समय लेगा।’’

एपी सुभाष पवनेश

पवनेश