मेडिकल स्कूल योजना को लेकर चिकित्सकों की हड़ताल के आगे नहीं झुकेंगे: दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति

Ads

मेडिकल स्कूल योजना को लेकर चिकित्सकों की हड़ताल के आगे नहीं झुकेंगे: दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति

  •  
  • Publish Date - April 1, 2024 / 07:37 PM IST,
    Updated On - April 1, 2024 / 07:37 PM IST

सियोल, एक अप्रैल (एपी) दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने सोमवार को कहा कि मेडिकल स्कूल में ज्यादा संख्या में दाखिला देने की सरकार की योजना के खिलाफ जारी चिकित्सकों की हड़ताल के आगे वह नहीं झुकेंगे।

साथ ही उन्होंने चिकित्सकों की हड़ताल को ‘‘एक अवैध कृत्य’’ करार देते हुए कहा कि यह समाज के लिए एक ‘‘गंभीर खतरा’’ है।

दक्षिण कोरिया में लगभग 12,000 मेडिकल प्रशिक्षु और चिकित्सक पिछले छह सप्ताह से हड़ताल पर हैं, जिसके चलते विश्वविद्यालय अस्पतालों में सैकड़ों सर्जरी और अन्य उपचार को रद्द करना पड़ा है। मेडिकल प्रशिक्षु की मांग के समर्थन में मेडिकल स्कूलों के कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने भी इस्तीफा दे दिया है, हालांकि उन्होंने मरीजों का उपचार बंद नहीं किया है।

अधिकारियों का कहना है कि वे देश में तेजी से बढ़ती बुजुर्गों की आबादी को देखते हुए और अधिक चिकित्सकों की जरूरत के लिए मेडिकल स्कूल में दाखिले की मौजूदा सीमा को 3,058 से 2,000 और बढ़ाना चाहते हैं। वहीं, चिकित्सकों का तर्क है कि इतनी अधिक संख्या में छात्रों के दाखिल के लिए मेडिकल स्कूल तैयार नहीं हैं और इससे देश की चिकित्सा सेवाएं प्रभावित होंगी।

एक सर्वेक्षण से पता चला है कि दक्षिण कोरिया के लोग सरकार की योजना के समर्थन में हैं। लेकिन पर्यवेक्षकों का कहना है कि कई लोग सरकार और चिकित्सकों के बीच जारी इस टकराव से तंग आ चुके हैं।

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने अपने टेलीविजन संबोधन में कहा, ‘‘चिकित्सकों की संख्या में वृद्धि के लिए तैयार की गई इस परियोजना में हम और देरी नहीं कर सकते।’’

येओल ने हड़ताली चिकित्सकों से काम पर लौटने का आग्रह करते हुए कहा कि देश के चिकित्सा कानून के अनुरूप लोगों के जीवन की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है।

एपी खारी शफीक

शफीक