(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 28 जुलाई (भाषा) भारत सीमा से लगे नेपाल के सुनसरी जिले के कुछ हिस्सों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी कर्फ्यू जारी रहा। जिले में सांप्रदायिक हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे, जिसके बाद से वहां तनाव बरकरार है।
जिला प्रशासन कार्यालय (डीएओ) सुनसरी ने बताया कि मंगलवार को कई इलाकों में सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक कर्फ्यू और निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
डीएओ की ओर से जारी सूचना के अनुसार, हरिनगर और देवगंज ग्रामीण नगरपालिकाओं के पूरे क्षेत्र में प्रतिबंध लागू किए गए हैं, जबकि हरिनगर, भुटाहा, कप्तानगंज, घुस्की और देवानगंज के पांच बाजार क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है।
प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में रैलियों, प्रदर्शनों, सार्वजनिक बैठकों, धरने और चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी है।
जिले में प्रतिबंध सोमवार को पहली बार लगाए गए थे, जब रविवार को कप्तानगंज क्षेत्र में सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी।
पुलिस के मुताबिक, दो धार्मिक समुदायों के जश्न के दौरान हुए विवाद के बाद आपस में भिड़े समूहों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस की गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सुरक्षाकर्मियों समेत 12 से अधिक लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
भाषा
शुभम पारुल
पारुल