भारत-कनाडा ने रक्षा सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की

Ads

भारत-कनाडा ने रक्षा सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 06:56 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 06:56 PM IST

ओटावा, 28 जुलाई (भाषा) कनाडा में भारत के उच्चायुक्त दिनेश पटनायक और कनाडा के रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। कनाडा स्थित भारतीय उच्चायोग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पिछले वर्ष प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के चुनाव में जीत हासिल करने के बाद भारत और कनाडा के संबंधों में सुधार हुआ है। दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए कई तंत्रों को फिर से सक्रिय करने पर सहमति जताई है।

भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पटनायक और मैकगिन्टी के बीच हुई बैठक में समुद्री सहयोग को मजबूत करने, रक्षा क्षमता निर्माण तथा प्रशिक्षण को आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

पोस्ट के अनुसार दोनों पक्षों ने ‘‘शांति, स्थिरता और मजबूत द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने के लिए भारत-कनाडा रक्षा संबंधों को और सुदृढ़ करने’’ पर भी विचार-विमर्श किया।

वर्ष 2025 के चुनाव में कार्नी की जीत के बाद भारत-कनाडा संबंधों को फिर से मजबूती मिली है।

इससे पहले, वर्ष 2023 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने ब्रिटिश कोलंबिया में एक गुरुद्वारे के बाहर खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार की संलिप्तता के आरोप लगाए थे, जिसके बाद दोनों देशों के संबंधों में तल्खी देखने को मिली थी।

भारत ने कनाडा के इन आरोपों को ‘बेबुनियाद’ और ‘‘बेतुका’’ बताते हुए खारिज कर दिया था।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश