‘एमएस नाउ’ ने कहा, उसके पत्रकारों को ‘व्हाइट हाउस’ परिसर में प्रवेश से रोका गया

Ads

‘एमएस नाउ’ ने कहा, उसके पत्रकारों को ‘व्हाइट हाउस’ परिसर में प्रवेश से रोका गया

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 08:50 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 08:50 PM IST

वाशिंगटन, 19 सितंबर (एपी) अमेरिकी समाचार चैनल ‘एमएस नाउ’ ने कहा कि शनिवार सुबह उसके पत्रकारों को राष्ट्रपति कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। इससे एक दिन पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह इस नेटवर्क और अन्य समाचार संगठनों को परिसर से प्रतिबंधित कर देंगे।

ट्रंप लंबे समय से उन पत्रकारों की समाचार कवरेज को सीमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जिनसे वह असहमत हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को कहा था कि वह प्रतिकूल कवरेज और ‘‘फर्जी खबरों’’ का हवाला देते हुए इस समाचार चैनल के साथ-साथ ‘सीएनएन’ और ‘पोलिटिको’ को भी व्हाइट हाउस से प्रतिबंधित कर रहे हैं।

‘एमएस नाउ’ ने एक बयान में कहा कि वह अपने पत्रकारों के साथ खड़ा है।

‘एमएस नाउ’ ने एक बयान में कहा, ‘‘व्हाइट हाउस अमेरिकी लोगों का है और वहां लिए जाने वाले फैसलों के लिए हमारे कर के पैसे का इस्तेमाल होता है। एमएस नाउ अपने अपने अधिकारों और हमारे लोकतंत्र में स्वतंत्र पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा।’’

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ‘सीएनएन’ के पत्रकारों को भी ‘व्हाइट हाउस’ परिसर में प्रवेश से रोका गया या नहीं। नेटवर्क के संवाददाता आमतौर पर सप्ताहांत में ‘व्हाइट हाउस’ में मौजूद रहते हैं, जब राष्ट्रपति वाशिंगटन में होते हैं या पास के कैंप डेविड में ठहरते हैं। इस सप्ताहांत ट्रंप मैरीलैंड स्थित राष्ट्रपति आवास पर हैं।

एपी आशीष पवनेश

पवनेश