वाशिंगटन, 26 फरवरी (एपी) अमेरिका के न्याय मंत्रालय ने कहा है कि वह इस बात की जांच कर रहा है कि क्या जेफ्री एप्स्टीन से जुड़ी फाइल में से कुछ दस्तावेजों को अनुचित रूप से रोककर तो नहीं रखा गया है।
मंत्रालय का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब कई समाचार संस्थानों ने खबर दी कि एक महिला द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ लगाए गए अपुष्ट आरोपों से संबंधित कुछ रिकॉर्ड सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों में शामिल नहीं हैं।
बुधवार को यह घोषणा उन समाचारों के सामने आने के बाद की गई जिनमें कहा गया था कि न्याय मंत्रालय द्वारा जारी किए गए विशाल रिकॉर्ड में एक अज्ञात महिला के उन कई इंटरव्यू सारांशों को शामिल नहीं किया गया था जिसे अमेरिका की खुफिया एजेंसी संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने लिया था। यह महिला एप्स्टीन की 2019 में गिरफ्तारी के बाद सामने आई थी और उसने दावा किया था कि 1980 के दशक में जब वह नाबालिग थी, तब ट्रंप और एप्स्टीन दोनों ने उसका यौन उत्पीड़न किया था।
न्याय मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कई व्यक्तियों और समाचार संस्थाओं ने हाल में घिसलेन मैक्सवेल के आपराधिक मामले की जांच के दौरान उन्हें उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों से संबंधित फाइल की ओर ध्यान आकर्षित किया, जिनके बारे में उनका दावा है कि वे गायब प्रतीत होती हैं।’’
मंत्रालय ने कहा कि विभाग संबंधित श्रेणी के सभी दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
एप्स्टीन की लंबे समय से विश्वासपात्र रही मैक्सवेल यौन तस्करी के आरोप में 20 साल की जेल की सजा काट रही हैं।
एपी सुरभि वैभव
वैभव