इंडोनेशिया की ध्वस्त स्कूल इमारत से तीन और शवों को निकाला गया, 50 छात्र अब भी लापता
इंडोनेशिया की ध्वस्त स्कूल इमारत से तीन और शवों को निकाला गया, 50 छात्र अब भी लापता
सिदोअर्जो(इंडोनेशिया), तीन अक्टूबर (एपी)इंडोनेशिया में ध्वस्त स्कूल इमारत के मलबे से शुक्रवार तड़के तीन छात्रों के शवों को निकाला गया और 50 से अधिक छात्र अब भी लापता हैं जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को हुए हादसे के बाद बचाव दल मलबे में छात्रों के जीवित होने की संभावना के मद्देनजर हाथ से मलबे को हटा रहे थे, लेकिन बृहस्पतिवार को किसी के जिंदा होने का कोई संकेत नहीं मिलने पर उन्होंने मलबे को तेजी से हटाने के लिए भारी उत्खनन मशीनों का इस्तेमाल शुरू किया।
उन्होंने बताया कि जावा द्वीप के पूर्वी हिस्से में सिदोअर्जो में एक सदी पुराने अल खोजिनी इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल के प्रार्थना कक्ष की इमारत उस समय ढह गई जब सैकड़ों की संख्या में छात्र वहां मौजूद थे।
हादसे में बचे लोगों ने बताया कि छात्र अधिकतर कक्षा सात से 12 तक के लड़के थे, जिनकी उम्र 12 से 19 वर्ष के बीच थी। उन्होंने बताया कि छात्राएं इमारत के दूसरे हिस्से में प्रार्थना कर रही थीं और वे बाल-बाल बची हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आठ छात्रों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और लगभग 105 घायल हैं, जिनमें से कई के सिर में चोटें आई हैं और हड्डियां टूट गई हैं, तथा 55 का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण एजेंसी के प्रमुख सुहार्यंतो के अनुसार, शुक्रवार को दो शव प्रार्थना कक्ष क्षेत्र में मिले जबकि एक अन्य शव निकासी द्वार के करीब मिला और ऐसा प्रतीत होता है कि भागने के क्रम में वह मलबे की चपेट में आ गया।
अधिकारियों ने बताया कि इमारत दो मंजिला थी, लेकिन बिना अनुमति के उसके ऊपर दो और मंजिलें खड़ी की जा रही थीं।
पुलिस ने बताया कि पुरानी इमारत की नींव कंक्रीट की दो अतिरिक्त मंजिल को संभालने में असमर्थ थी और ढह गई।
एपी धीरज नरेश
नरेश

Facebook


