ईरान के साथ जारी परमाणु वार्ता से ‘खुश नहीं’ लेकिन इसे और समय देंगे: ट्रंप

Ads

ईरान के साथ जारी परमाणु वार्ता से ‘खुश नहीं’ लेकिन इसे और समय देंगे: ट्रंप

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 08:58 AM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 08:58 AM IST

तेल अवीव, 28 फरवरी (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर जारी नवीनतम वार्ता से ‘‘खुश नहीं’’ हैं लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि वह वार्ताकारों को पश्चिम एशिया में एक और युद्ध को टालने के लिए किसी समझौते पर पहुंचने के लिए और समय देंगे।

ट्रंप ने जिनेवा में अमेरिकी दूतों और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता बेनतीजा रहने के एक दिन बाद यह बात कही।

क्षेत्र में अमेरिकी सेनाओं की तैनाती के बीच, ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर व्यापक समझौते के लिए सहमत न होने पर सैन्य कार्रवाई की धमकी दी है, जबकि ईरान का कहना है कि उसे शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए यूरेनियम संवर्धन करने का अधिकार है साथ ही वह लगातार इस बात से इनकार करता रहा है कि वह परमाणु हथियार बना रहा है।

शुक्रवार को ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) से निकलते समय ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, ‘‘जो हमारे पास होना चाहिए वह हमें देने को तैयार नहीं हैं और इस बात से मैं नाखुश हूं। देखते हैं क्या होता है। हम बाद में बात करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम उनके बातचीत करने के तरीके से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। वे परमाणु हथियार नहीं बना सकते।’’

शुक्रवार को टेक्सास दौरे के दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा कि ईरानी वार्ताकार ‘‘पर्याप्त प्रगति नहीं करना चाहते। यह बहुत बुरा है।’’

उन्होंने दोहराया कि वह ईरान को किसी भी मात्रा में यूरेनियम संवर्धन करने की अनुमति नहीं देना चाहते और कहा कि तेल समृद्ध देश को ऊर्जा कार्यक्रम के लिए यूरेनियम संवर्धन की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।

जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या वह सैन्य हमला करने के बारे में फैसला शीघ्र लेंगे तो उन्होंने कहा, ‘‘ये मैं आपको क्यों बताऊं।’’

ट्रंप ने कहा, ‘‘जोखिम हमेशा रहता है। आप जानते हैं, जब युद्ध होता है तो काफी जोखिम होते हैं।’’

एपी शोभना सुरभि

सुरभि