इंडोनेशिया। इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में भूकंप के बाद आए सुनामी ने जमकर तबाही मचाई है। प्राकृतिक आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 420 हो गई है। अधिकारियों की माने तो मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है। पालू शहर के होटल के अंदर मलबे में कई लोग दबे होने की संभावना है। आपको बतादें यहां 7.5 की तीव्रता से आए भूकंप के कारण 6 मीटर ऊंची लहरे उठीं थी।
पढ़ें- राजनीतिक रसूख पर भारी पड़ी लेडी सिंघम, नेता की गाड़ी का काटा चालान
शहर के बीच पर लोग त्योहार मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे। तभी पानी की लहरों के कारण एक दीवार गिर गई। जिसकी वजह से बहुत से लोगों की मौत हो गई। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो रविवार को शहर के निकासी केंद्रों का दौरा करेंगे। इसी बीच, भूकंप-सुनामी से सबसे अधिक प्रभावित पालू शहर में राहत एवं बचाव कर्मियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इस आपदा में जीवित बचे लोग मृतकों के शव बरामद करने में अधिकारियों की मदद कर रहे हैं।
पढ़ें- फेसबुक पर मतदाताओं से सीधा संवाद, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एक अक्टूबर को होंगे रूबरू
सरकारी एजेंसी के एक प्रवक्ता के मुताबिक यहां सुनामी में कम से कम 540 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। घायलों को बड़ी संख्या में अस्पतालों में दाखिल कराया गया है। राहत और आपदा कार्य के लिए सेना को बुलाया गया है ताकि वह पीड़ितों तक पहुंचने और शवों को तलाशने में खोज एवं बचाव टीमों की मदद कर सके। कुछ सरकारी विमान राहत सामग्री लेकर पालू के प्रमुख हवाई अड्डे तक पहुंचे हैं। लेकिन अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक यह हवाई अड्डा वाणिज्यिक उड़ानों के लिए बंद रहेगा।
वेब डेस्क, IBC24