काहिरा, 18 अप्रैल (एपी) ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड की गोलीबारी की खबरों के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में दो भारतीय जहाजों को अपना मार्ग बदलना पड़ा।
‘टैंकरट्रैकर्सडॉट कॉम’ ने बताया कि इन जहाजों में भारतीय ध्वज वाला एक सुपर टैंकर भी शामिल है, जो इराक से 20 लाख बैरल तेल ले जा रहा है।
इससे पूर्व ब्रिटेन की सेना ने कहा कि ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड की दो ‘गनबोट’ ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक टैंकर पर गोलीबारी की।
ईरान द्वारा इस महत्वपूर्ण जलमार्ग पर प्रतिबंध फिर से लागू करने की घोषणा के बाद यह घटना हुई।
‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन सेंटर’ ने कहा कि टैंकर को कोई नुकसान नहीं हुआ और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
ईरान ने शनिवार को घोषणा की कि वह अमेरिकी नाकेबंदी के जवाब में जलडमरूमध्य पर प्रतिबंध फिर से लागू कर रहा है।
यह घोषणा सुबह की गई, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी नाकेबंदी तब तक ‘‘पूरी तरह प्रभावी बनी रहेगी’’, जब तक तेहरान अमेरिका के साथ समझौते पर नहीं पहुंचता, जिसमें उसके परमाणु कार्यक्रम का मुद्दा भी शामिल है।
एपी
देवेंद्र दिलीप
दिलीप