बिहार: दानापुर स्टेशन पर ट्रेन के महिला डिब्बे में व्यक्ति का शव मिला

Ads

बिहार: दानापुर स्टेशन पर ट्रेन के महिला डिब्बे में व्यक्ति का शव मिला

  •  
  • Publish Date - May 30, 2026 / 09:32 PM IST,
    Updated On - May 30, 2026 / 09:32 PM IST

पटना, 30 मई (भाषा) बिहार के दानापुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक ट्रेन के महिला डिब्बे में एक व्यक्ति रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पुणे और दानापुर के बीच चलने वाली ‘दानापुर स्पेशल फेयर ट्रेन’ के अंदर शव मिला।

पुलिस के मुताबिक, ट्रेन पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे स्टेशन पहुंची और यात्रियों के उतरने के बाद नियमित निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने पाया कि महिला डिब्बा अंदर से बंद था।

दानापुर राजकीय पुलिस बल (जीआरपी) प्रभारी अजय कुमार ने पत्रकारों को बताया, “कर्मचारियों ने आपातकालीन निकास खिड़की तोड़कर कोच में प्रवेश किया और उन्हें एक व्यक्ति का शव साइड रेलिंग से लटका हुआ मिला, जिसके गले में बेल्ट बंधी थी।”

उन्होंने बताया कि मृतक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है और अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना करने वाली फॉरेंसिक टीम का अनुमान है कि शव मिलने से लगभग छह से सात घंटे पहले मौत हुई थी।

उन्होंने बताया, “मृत व्यक्ति के पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसकी पहचान स्थापित करने व उसके परिवार वालों से संपर्क करने के प्रयास जारी हैं।”

पुलिस जांच के तहत उन स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जहां ट्रेन दानापुर पहुंचने से पहले रुकी थी।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप