बिहार: कुलपतियों को एकसमान शैक्षणिक कैलेंडर का पालन करने, परिणामों के प्रकाशन के निर्देश

Ads

बिहार: कुलपतियों को एकसमान शैक्षणिक कैलेंडर का पालन करने, परिणामों के प्रकाशन के निर्देश

  •  
  • Publish Date - May 30, 2026 / 09:34 PM IST,
    Updated On - May 30, 2026 / 09:34 PM IST

पटना, 30 मई (भाषा) बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने शनिवार को राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को आगामी शैक्षणिक सत्र से स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए एक समान शैक्षणिक कैलेंडर और परिणाम प्रकाशन प्रणाली का पालन करने का निर्देश दिया।

लोकभवन द्वारा शनिवार को जारी बयान के अनुसार, ‘‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी), 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बिहार के विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों में एकरूपता और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए राज्यपाल ने निर्देश जारी किए हैं।’’

राज्यपाल राज्य विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति भी हैं।

बयान में कहा गया, ‘‘निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिक्षण, परीक्षा, मूल्यांकन और परिणाम प्रकाशन जैसी प्रक्रियाएं समयबद्ध और समन्वित तरीके से संचालित की जा सकें। केवल अत्यंत असाधारण परिस्थितियों में अधिकतम सात दिन तक की छूट दी जा सकेगी।’’

बयान में कहा गया कि सभी विश्वविद्यालयों को आगामी शैक्षणिक सत्रों में इस कैलेंडर का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि राज्य के विश्वविद्यालयों के बीच एकरूपता बनी रहे और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों का समन्वय केंद्रीय विश्वविद्यालयों तथा अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के अनुरूप किया जा सके।

भाषा राखी दिलीप

दिलीप