यूक्रेन ने जर्मनी के साथ रक्षा समझौते पर सहमति जताई, रूस से जारी युद्ध में मिलेगी मदद

Ads

यूक्रेन ने जर्मनी के साथ रक्षा समझौते पर सहमति जताई, रूस से जारी युद्ध में मिलेगी मदद

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 09:09 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 09:09 PM IST

बर्लिन, 14 अप्रैल (एपी) यूक्रेन और जर्मनी उन्नत ड्रोन और युद्ध में परखी गईं अन्य रक्षा प्रणालियों का उत्पादन संयुक्त रूप से करने की योजना पर काम कर रहे हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यूक्रेन, रूस के पूर्ण आक्रमण के खिलाफ गत चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध को और तेज करने की कोशिश कर रहा है और इस लिहाज से जर्मनी के साथ रक्षा क्षेत्र को लेकर बनी सहमति अहम है।

जेलेंस्की ने बर्लिन दौरे के दौरान जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमने जर्मनी को विभिन्न प्रकार के ड्रोन, मिसाइल, सॉफ्टवेयर और आधुनिक रक्षा प्रणालियों को शामिल करते हुए एक द्विपक्षीय ड्रोन समझौते का प्रस्ताव दिया है। हमारी टीम ठोस काम शुरू कर रही हैं।’’

मर्ज ने कहा कि यूक्रेन के युद्ध प्रयासों का समर्थन करने के लिए जर्मनी की प्रतिबद्धता रूस के लिए ‘‘एक बहुत स्पष्ट संकेत’’ है। उन्होंने कहा, ‘‘हम यूक्रेन की रक्षा के अपने प्रयासों में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।’’

रूस ने अब तक यूक्रेन के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा कर लिया है। इसमें क्रीमिया प्रायद्वीप भी शामिल है, जिसे रूस ने 2014 में अपने कब्जे में ले लिया था।

जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के पास वर्तमान में तैनात सैन्य उपकरणों की तुलना में दोगुने सैन्य साजो-सामान उत्पादन की क्षमता है, लेकिन उत्पादन बढ़ाने के लिए उसके पास धन की कमी है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास पर्याप्त धन नहीं है।’’

जेलेंस्की ने कहा कि उस क्षमता का दोहन करने की कुंजी यूरोपीय संघ से 90 अरब यूरो (106 अरब अमेरिकी डॉलर) के वादे के अनुसार ऋण प्राप्त करने में निहित है।

यह मदद हंगरी के प्रधान मंत्री विक्टर ओर्बन के विरोध की वजह से रुका है, लेकिन सप्ताहांत में होने वाले चुनाव के बाद उनके पद छोड़ने से अब यह राशि जारी हो सकती है।

मर्ज ने कहा कि यूक्रेन को उस धन की ‘तत्काल’ आवश्यकता है।

जेलेंस्की के साथ बर्लिन आए यूक्रेन के रक्षा मंत्री मिखाइलो फेडोरोव ने कहा कि जर्मनी और यूक्रेन चार अरब यूरो (4.7 अरब अमेरिकी डॉलर) के रक्षा पैकेज पर सहमत हुए हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि यह समझौता रूसी हमलों के खिलाफ यूक्रेन की हवाई रक्षा के लिए ‘‘एक बड़ा प्रोत्साहन’’ है, जिससे कीव को अमेरिकी निर्मित ‘‘कई सौ’’ पैट्रियट मिसाइलें खरीदने की सहूलियत मिलेगी।

जेलेंस्की जर्मनी के बाद नॉर्वे की यात्रा पर जाएंगे, जो एक और महत्वपूर्ण वित्तीय तथा सैन्य सहयोगी है।

इस बीच, क्षेत्रीय अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पूर्वी यूक्रेनी शहर निप्रो पर रूसी मिसाइल हमले में चार लोग मारे गए और 21 अन्य घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में 10 की हालत गंभीर है।

एपी धीरज संतोष

संतोष