यूक्रेन : भ्रष्टाचार-रोधी एजेंसी की कार्रवाई के बीच जेलेंस्की ने एक शीर्ष अधिकारी को पद से हटाया

यूक्रेन : भ्रष्टाचार-रोधी एजेंसी की कार्रवाई के बीच जेलेंस्की ने एक शीर्ष अधिकारी को पद से हटाया

यूक्रेन : भ्रष्टाचार-रोधी एजेंसी की कार्रवाई के बीच जेलेंस्की ने एक शीर्ष अधिकारी को पद से हटाया
Modified Date: August 19, 2026 / 11:02 pm IST
Published Date: August 19, 2026 11:02 pm IST

कीव, 19 अगस्त (एपी) यूक्रेन में भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी की कार्रवाई के बीच राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बुधवार को राष्ट्रपति कार्यालय की एक वरिष्ठ अधिकारी को पद से हटा दिया।

जांचकर्ताओं ने राष्ट्रपति कार्यालय की एक उप प्रमुख का नाम धनशोधन मामले के संदिग्धों में शामिल किया है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ, जब मंगलवार को यूक्रेन के हाल ही में हटाए गए रक्षा मंत्री ने रूस के चार साल से ज्यादा समय से चल रहे हमले के बावजूद राष्ट्रीय चुनाव कराने की मांग की थी।

जांचकर्ताओं ने जांच के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी। हालांकि, राष्ट्रीय भ्रष्टाचार-रोधी ब्यूरो ने कहा कि उसने ऐसे लोगों के एक समूह की पहचान की है, जिन पर पिछले साल भ्रष्टाचार के एक बड़े मामले में आरोपी की जमानत के लिए 34 लाख अमेरिकी डॉलर के धनशोधन का आरोप है।

सरकारी परमाणु ऊर्जा कंपनी से जुड़े इस मामले के कारण यूक्रेन के न्याय और ऊर्जा मंत्रियों को इस्तीफा देना पड़ा था।

एजेंसी ने बताया कि ताजा संदिग्धों में एक पूर्व सांसद, एक सरकारी बैंक के बोर्ड के चेयरमैन और बैंक के सुपरवाइजरी बोर्ड के प्रमुख के साथ-साथ राष्ट्रपति कार्यालय की उप प्रमुख भी शामिल हैं।

जेलेंस्की ने जांच पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की, लेकिन राष्ट्रपति कार्यालय की उप प्रमुख इरिना मुद्रा को पद से हटाने का आदेश जारी किया।

सांसद ओलेक्सी होंचारेन्को ने बताया कि जांचकर्ताओं ने बुधवार को मुद्रा के कार्यालय की तलाशी ली।

एपी शफीक वैभव

वैभव


लेखक के बारे में