भारतीय राजनयिक ने फलस्तीनी प्रधानमंत्री से की मुलाकात, द्विपक्षीय साझेदारी पर हुई चर्चा

भारतीय राजनयिक ने फलस्तीनी प्रधानमंत्री से की मुलाकात, द्विपक्षीय साझेदारी पर हुई चर्चा

भारतीय राजनयिक ने फलस्तीनी प्रधानमंत्री से की मुलाकात, द्विपक्षीय साझेदारी पर हुई चर्चा
Modified Date: August 19, 2026 / 10:26 pm IST
Published Date: August 19, 2026 10:26 pm IST

यरूशलम, 19 अगस्त (भाषा) एक वरिष्ठ भारतीय राजनयिक ने बुधवार को रामल्ला में फलस्तीनी प्रधानमंत्री मोहम्मद मुस्तफा से मुलाकात की और आपसी हित के प्रमुख क्षेत्रों में दीर्घकालिक द्विपक्षीय साझेदारी एवं सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय में सचिव (दूतावास सेवा, पासपोर्ट, वीजा और प्रवासी भारतीय मामले) श्रीप्रिया रंगनाथन 16 से 21 अगस्त तक मिस्र, फलस्तीन और लेबनान की आधिकारिक यात्रा पर हैं।

अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने फलस्तीनी राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार मजदी अल-खाल्दी से भी मुलाकात की और राजनीतिक जुड़ाव तथा विकास सहयोग सहित व्यापक द्विपक्षीय साझेदारी का जायजा लिया।

फलस्तीन में भारत के प्रतिनिधि कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि रंगनाथन ने प्रधानमंत्री मुस्तफा से मुलाकात की और उनकी ‘चर्चा भारत-फलस्तीन साझेदारी को और मजबूत करने तथा परस्पर हित के प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर केंद्रित रही।’

भारतीय मिशन ने बताया कि इससे पहले अल-खाल्दी के साथ मुलाकात के दौरान रंगनाथन ने फलस्तीन के प्रति भारत के निरंतर समर्थन को रेखांकित किया। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्रों में शुरू की जा रही नयी पहल सहित विकास साझेदारी के विस्तार पर चर्चा की।

रंगनाथन ने फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्री माजिद अबू रमजान से भी मुलाकात की और फलस्तीनी स्वास्थ्य क्षेत्र को भारतीय सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।

भारतीय प्रतिनिधि ने फलस्तीनी स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भारत की ओर से दी जा रही सहायता का जिक्र किया, जिसमें आवश्यक दवाएं, कैंसर रोधी दवाएं, कृत्रिम अंग शिविर और गाजा में भारतीय फील्ड अस्पताल की स्थापना शामिल है। इस दौरान उन्होंने भारत सरकार की ओर से दवाओं की एक खेप फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय को सौंपी।

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में