विनित्सिया पर रूसी हवाई हमले के बाद लोगों को तलाश रहे यूक्रेनी बचावकर्ता

विनित्सिया पर रूसी हवाई हमले के बाद लोगों को तलाश रहे यूक्रेनी बचावकर्ता

विनित्सिया पर रूसी हवाई हमले के बाद लोगों को तलाश रहे यूक्रेनी बचावकर्ता
Modified Date: November 29, 2022 / 07:47 pm IST
Published Date: July 15, 2022 9:03 pm IST

कीव, 15 जुलाई (एपी) यूक्रेन के विनित्सिया शहर पर रूसी हवाई हमले के बाद बचावकर्ता जीवित बचे लोगों की तलाश में जुटे हैं। बचावकर्ता खोजी कुत्तों की मदद से शुक्रवार को मलबों में लापता लोगों को ढूंढ़ते दिखे। एक दिन पहले इस शहर पर रूसी मिसाइल हमले में 23 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 100 अन्य लोग घायल हो गये थे।

इस बीच, रूसी सेना ने यूक्रेन के अन्य इलाकों में हमला किया है। युद्ध के करीब पांच महीने पूरे होने के मद्देनजर रूस की कोशिश यूक्रेनी नेताओं के अटूट मनोबल को तोड़ने की है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 24 फरवरी को आक्रमण की शुरुआत की थी। एक रूसी पनडुब्बी द्वारा यूक्रेनी शहर विनित्सिया पर किए गए ताजा क्रूज मिसाइल हमले में नागरिकों की जान जाने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश है।

जंग के जारी रहने के बीच रूस ने यूक्रेन को काला सागर के माध्यम से लाखों टन अनाज निर्यात करने की अनुमति देने के लिए एक संभावित सौदे को लेकर बातचीत में प्रगति के संकेत दिए। उच्च खाद्य कीमतों का सामना करने वाले देशों को इस सौदे से राहत मिल सकती है।

रूस, तुर्की, यूक्रेन और संयुक्त राष्ट्र के बीच इस सप्ताह इस्तांबुल में हुई वार्ता की ओर इशारा करते हुए रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने कहा कि एक अंतिम दस्तावेज तैयार किया गया है और यूक्रेनी बंदरगाहों के माध्यम से अनाज भेजने में सहूलियत संबंधी रूसी प्रस्ताव का अधिकतर बड़े प्रतिभागियों ने समर्थन किया है।

यूक्रेन के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि युद्ध के दौरान रूसी बलों ने नागरिकों को निशाना बनताते हुए 17 हजार से अधिक हमले किये, जिनमें हजारों लड़ाके और नागरिक मारे गये जबकि लाखों लोगों ने घर छोड़ दिया। विनित्सिया में आपातकालीन सेवा के प्रवक्ता ओलेकसैंड्र कुटोवयी ने कहा कि बृहस्पतिवार के हमले के बाद 73 से अधिक लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें चार बच्चे शामिल हैं जबकि 18 लोग अब भी लापता हैं।

एपी संतोष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में