यरुशलम, 25 फरवरी (एपी) यरुशलम में अमेरिकी दूतावास ने वेस्ट बैंक में स्थित एक इजराइली बस्ती में पहली बार कांसुलर सेवाएं प्रदान करने की योजना बनाई है।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अमेरिकी दूतावास के अकाउंट से बुधवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि शुक्रवार को वेस्ट बैंक की इफ्रात बस्ती में कांसुलर अधिकारी अमेरिकी नागरिकों को नियमित पासपोर्ट सेवाएं प्रदान करेंगे।
दूतावास ने कहा कि इसी तरह की सेवा आगामी महीनों में इजराइली बस्ती बीतर इलित में भी शुरू करने की योजना है और इन सेवाओं को ‘‘सभी अमेरिकियों तक पहुंचने के प्रयासों’’ का हिस्सा बताया गया।
अमेरिकी दूतावास ने इससे पहले रामल्ला और वेस्ट बैंक के अन्य फलस्तीनी शहरों में भी कांसुलर सेवाएं प्रदान की हैं।
यह कदम अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की नीति में आए बदलाव को दर्शाता है। ट्रंप प्रशासन पिछले अमेरिकी राष्ट्रपतियों की तुलना में वेस्ट बैंक में इजराइली बस्तियों के प्रति कहीं अधिक मित्रवत रहा है।
इजराइल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हम यरुशलम स्थित अमेरिकी दूतावास द्वारा जुडिया और सामरिया में अमेरिकी नागरिकों को कांसुलर सेवाएं प्रदान करने के ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हैं।’’
इस संबंध में फलस्तीनी अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई।
एपी सुरभि वैभव
वैभव