वाशिंगटन, 25 फरवरी (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान में सैन्य हमलों पर विचार करने के बीच अमेरिकी केंद्रीय खुफिया एजेंसी ने मंगलवार को ईरान में संभावित मुखबिरों को मदद की पेशकश की और सुरक्षित रूप से संपर्क करने के तरीकों के बारे में फारसी भाषा में निर्देश दिए।
फारसी, कोरियाई, रूसी और मंदारिन भाषाओं में भेजे गए भर्ती संदेशों की शृंखला में यह हालिया पोस्ट है जिनमें केंद्रीय खुफिया एजेंसी (सीआईए) से संपर्क करने के सुरक्षित तरीके बताए गए हैं। मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर पोस्ट किया गया फारसी भाषा का यह संदेश ऐसे समय में आया है जब अमेरिका-ईरान संबंध बेहद तनावपूर्ण हैं और ईरान की सरकार को देश में नए विरोध प्रदर्शनों का सामना करना पड़ रहा है।
ईरान के साथ तनाव बढ़ने के कारण अमेरिका ने पश्चिम एशिया में पिछले कुछ दशकों में अपनी सबसे बड़ी सैन्य शक्ति तैनात की है। ट्रंप ने जनवरी में ईरान में हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों पर सरकार की कड़ी कार्रवाई के जवाब में सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसके बाद उन्होंने ईरान को विवादित परमाणु कार्यक्रमों के संबंध में समझौता करने की चेतावनी दी। परमाणु वार्ता का एक और दौर इस सप्ताह के अंत में होने वाला है।
ईरान में नए सिरे से अशांति के संकेत मिल रहे हैं क्योंकि सोमवार को राजधानी तेहरान के विश्वविद्यालयों में छात्रों ने सरकार विरोधी प्रदर्शन किए।
केंद्रीय खुफिया एजेंसी ने संदेश में लिखा, ‘‘नमस्कार। एजेंसी आपकी बात सुन रही है और आपकी मदद करना चाहती है। यहां कुछ सुझाव दिए गए हैं कि आप हमारे साथ सुरक्षित तरीके से ‘डिजिटल माध्यम से फोन पर बात’’ कैसे कर सकते हैं।’’
फारसी भाषा में लिखे इस पोस्ट को कुछ ही घंटों में लाखों बार देखा गया।
एजेंसी ने यह नहीं बताया कि पहले के भर्ती वीडियो से कोई जानकारी या नए स्रोत मिले हैं या नहीं, लेकिन इसके निदेशक जॉन रैटक्लिफ ने कहा है कि इन पोस्ट का असर दिख रहा है।
एपी सुरभि वैभव
वैभव