Trump Latest Statement. Image Source- IBC24
वाशिंगटन: Trump Latest Statement: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह ईरान पर फिर से हमले शुरू करने का फैसला लेने से महज एक घंटे दूर थे, लेकिन कतर और यूएई सहित मध्यस्थों से यह संदेश मिलने के बाद कि शांति वार्ता में तेहरान ‘उचित रवैया’ अपना रहा है, उन्होंने यह कदम फिलहाल टाल दिया। ट्रंप ने ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं एक घंटे बाद निर्णय लेने ही वाला था और हम तैयार थे… अभी हमले हो रहे होते।’’ ट्रंप यहां ‘व्हाइट हाउस’ के ‘ईस्ट विंग’ में बन रहे ‘बॉलरूम’ के निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में पत्रकारों को जानकारी दे रहे थे।
ट्रंप ने कहा, “शायद आज हम किसी खूबसूरत ‘बॉलरूम’ की बात नहीं कर रहे होते। हम उस (हमलों के) बारे में बात कर रहे होते। हम उसी स्थिति में थे, जहां मैंने फैसला कर लिया था। तभी उनका फोन आया। उन्हें पता चल गया था कि मैंने फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘सर, क्या आप हमें कुछ और दिन दे सकते हैं, क्योंकि हमें लगता है कि वे उचित रवैया अपना रहे हैं।’’ अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा कि वार्ताकारों ने बताया कि पिछले दो दिनों में ईरान के साथ बातचीत में काफी प्रगति हुई है।
ट्रंप ने कहा, “पिछले दो दिनों में उन्होंने फोन करके बताया कि उन्होंने काफी प्रगति की है, क्योंकि हम उन्हें अपने साथ बातचीत में शामिल किए हुए हैं। मुख्य रूप से सऊदी अरब, कतर, यूएई, कुवैत, कुछ हद तक बहरीन और कुछ अन्य देश इसमें शामिल हैं। हम उनसे बातचीत करा रहे हैं। हम सब मिलकर काम कर रहे हैं। यह एक टीम की तरह है।’’