ग्रासिम को वित्त वर्ष 2026-27 में दो लाख करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद: कुमार मंगलम बिड़ला

Ads

ग्रासिम को वित्त वर्ष 2026-27 में दो लाख करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद: कुमार मंगलम बिड़ला

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 03:55 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 03:55 PM IST

नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) ग्रासिम इंडस्ट्रीज का एकीकृत कारोबार वित्त वर्ष 2026-27 में दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।

कंपनी के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि भवन निर्माण सामग्री, वित्तीय सेवाओं, डिजिटल वाणिज्य और नवीकरणीय ऊर्जा सहित विविध कारोबार से कंपनी को वृद्धि में मदद मिलेगी।

आदित्य बिड़ला समूह की प्रमुख कंपनियों अल्ट्राटेक सीमेंट, आदित्य बिड़ला कैपिटल, बिड़ला ओपस, आदित्य बिड़ला रिन्यूएबल्स और बिड़ला पिवट की होल्डिंग कंपनी ग्रासिम ने वित्त वर्ष 2025-26 में 1.75 लाख करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक एकीकृत कारोबार दर्ज किया था।

बिड़ला ने शुक्रवार को ग्रासिम की 79वीं सालाना आम बैठक में कहा कि कंपनी 25 अगस्त को अपने गठन के 80 वर्ष पूरे करेगी। अब कंपनी 10 कारोबार क्षेत्रों में काम करती है और उसका बाजार पूंजीकरण दो लाख करोड़ रुपये से अधिक है।

उन्होंने कहा कि कंपनी की आय में विभिन्न कारोबार क्षेत्रों का योगदान लगातार संतुलित हो रहा है। स्थापित कारोबार मजबूत नकदी प्रवाह दे रहे हैं, जबकि नए कारोबार तेजी से विस्तार कर रहे हैं।

बिड़ला ने कहा, ‘‘हमें भरोसा है कि वित्त वर्ष 2026-27 में ग्रासिम का एकीकृत कारोबार दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। यह पांच साल पहले के स्तर से करीब दोगुना होगा।’’

उन्होंने कहा कि कंपनी अब वृद्धि के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है और उसका आकार बढ़ने के साथ महत्वाकांक्षाएं भी व्यापक हुई हैं। ग्रासिम भारत की आर्थिक वृद्धि के साथ और अधिक मजबूती से जुड़ रही है।

बिड़ला ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में ग्रासिम ने अपने विविध कारोबार की मजबूती को आगे बढ़ाया। कंपनी ने मुख्य कारोबार क्षेत्रों में गति बनाए रखी, नए कारोबार का विस्तार किया और पूंजी के विवेकपूर्ण इस्तेमाल, परिचालन दक्षता तथा दीर्घकालीन शेयरधारक मूल्य बढ़ाने पर ध्यान दिया।

भवन निर्माण सामग्री कारोबार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अल्ट्राटेक सीमेंट ने इस साल अप्रैल में सालाना 20 करोड़ टन की ग्रे सीमेंट उत्पादन क्षमता का आंकड़ा पार किया।

वहीं, पेंट कारोबार बिड़ला ओपस ने शुरुआत के दो साल के भीतर सजावटी पेंट के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान बना लिया है।

बिड़ला ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में बिड़ला ओपस का कारोबार सालाना आधार पर दोगुना हुआ और अकेले इसके कारोबार के आधार पर भारतीय सजावटी पेंट बाजार में उसकी हिस्सेदारी 10 प्रतिशत रही। क्षमता के आधार पर कंपनी देश में दूसरे स्थान पर रही।

उन्होंने कहा कि बिड़ला व्हाइट पुट्टी कारोबार को शामिल करने पर सजावटी पेंट बाजार में समूह की कारोबार हिस्सेदारी 10 प्रतिशत से अधिक के शुरुआती दहाई अंक में पहुंच गई है।

भाषा योगेश अजय

अजय