वाशिंगटन, 12 अप्रैल (एपी) अमेरिकी सेना ने कहा कि उसके दो युद्धपोत बारूदी सुरंगों को हटाने के काम से पहले होर्मुज जलडमरूमध्य के महत्वपूर्ण जलमार्ग से गुजरे और ऐसा युद्ध शुरू होने के बाद से पहली बार हुआ है।
ट्रंप ने कहा, ‘‘हम जलडमरूमध्य जलमार्ग को पूरी तरह से साफ कर रहे हैं। चाहे समझौता हो या न हो, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।’’
ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि देश की संयुक्त सैन्य कमान ने इस बात से इनकार किया है।
ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करना युद्ध में उसके लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हुआ है। विश्व के कुल तेल व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा प्रतिदिन 100 से अधिक जहाजों द्वारा इस जलडमरूमध्य से होकर गुजरता था। युद्धविराम के बाद से अब तक केवल 12 जहाजों के गुजरने का रिकॉर्ड है।
शनिवार को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि अमेरिका ने जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगों को हटाना शुरू कर दिया है।
अमेरिकी सेंट्रल कमान के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने बाद में कहा, ‘‘आज हमने एक नया मार्ग स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हम जल्द ही इस सुरक्षित मार्ग को समुद्री उद्योग के साथ साझा करेंगे।’’
अमेरिकी बयान में विध्वंसक जहाजों को लेकर कहा गया, “आने वाले दिनों में अतिरिक्त अमेरिकी बल, जिनमें पानी के भीतर काम करने वाले ड्रोन भी शामिल हैं, इस अभियान में शामिल होंगे।”
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने रविवार को बताया कि अमेरिका और ईरान इस्लामाबाद में हुई लंबी वार्ता के बाद पश्चिम एशिया संघर्ष को समाप्त करने के लिए किसी समझौते पर पहुंचने में विफल रहे।
वेंस ने कहा कि 21 घंटे से अधिक समय के अथक प्रयासों के बावजूद दोनों पक्ष मतभेदों की खाई पाटने में असमर्थ रहे।
ईरान और अमेरिका दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा किए जाने के चार दिन बाद शनिवार को बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंचे थे।
एपी
देवेंद्र दिलीप
दिलीप