(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, एक अप्रैल (भाषा) अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा (यूएससीआईएस) ने कहा है कि उसने वित्त वर्ष 2027 के लिए 85,000 एच-1बी लाभार्थियों के वार्षिक कोटे को पूरा कर लिया है और नियमित लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हो गई है।
एच-1बी वीजा कार्यक्रम का उपयोग मुख्य रूप से अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियां विदेशी कर्मचारियों को नियुक्त करने के लिए करती हैं। तकनीकी कर्मचारियों और चिकित्सकों सहित भारतीय पेशेवर, एच-1बी वीजा धारकों के सबसे बड़े समूहों में से एक हैं।
यूएससीआईएस ने मंगलवार को एक बयान में कहा, ‘‘वित्तीय वर्ष 2027 के लिए एच-1बी सीमा-विषय याचिकाएं, जिनमें उच्च डिग्री छूट के लिए पात्र याचिकाएं भी शामिल हैं, एक अप्रैल, 2026 से यूएससीआईएस में दाखिल की जा सकती हैं, बशर्ते कि वे चयनित लाभार्थी के लिए और वैध पंजीकरण के आधार पर दाखिल की गई हों।’’
इसमें कहा गया है कि संबंधित याचिका दाखिल करने की अवधि कम से कम 90 दिन होगी।
यूएससीआईएस ने कहा कि वह ‘आई-129’ प्रपत्र के नए संस्करण को स्वीकार करेगा, जो इस साल 27 फरवरी को प्रकाशित हुआ था।
एच-1बी चयन प्रक्रिया अब वेतन-आधारित मॉडल में रूपांतरित हो रही है, जिसमें उच्च वेतन और कौशल वाले आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस बदलाव का उद्देश्य श्रम बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप वीजा आवंटन सुनिश्चित करना और प्रणाली के दुरुपयोग को कम करना है।
भाषा
शफीक पवनेश
पवनेश