उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन दो दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका पहुंचे

Ads

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन दो दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका पहुंचे

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 11:15 AM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 11:15 AM IST

(तस्वीरों के साथ)

कोलंबो, 19 अप्रैल (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन रविवार सुबह दो दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और श्रीलंका के सदियों पुराने सभ्यतागत तथा लोगों के बीच परस्पर संबंधों को और मजबूत करना है।

उपराष्ट्रपति 49 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ कोलंबो के भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां श्रीलंका के खेल मंत्री सुनील कुमार गामगे और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।

अधिकारियों के अनुसार, यह किसी भारतीय उपराष्ट्रपति की श्रीलंका की पहली आधिकारिक यात्रा है।

राधाकृष्णन के आज श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके और प्रधानमंत्री हरिणी अमरसूर्या से भी मुलाकात करने की संभावना है।

श्रीलंका के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी निर्धारित है। ये समझौते सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित होंगे, जिनमें चक्रवात दित्वा से जुड़ी परियोजनाएं, भारत सरकार की सहायता से पुनर्वास तथा विकास सहयोग शामिल हैं।’’

राधाकृष्णन भारतीय मूल के तमिल समुदाय के नेताओं और श्रीलंका के उत्तरी एवं पूर्वी क्षेत्रों के तमिल नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।

उपराष्ट्रपति आज कोलंबो में एक सामुदायिक कार्यक्रम में प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे, जहां वह भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के तहत भारत सरकार की सहायता से निर्मित मकानों को तमिल समुदायों के लाभार्थियों को डिजिटल माध्यम से सौंपेंगे।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि दोनों देशों के बीच हालिया उच्चस्तरीय संवादों के बाद हो रही इस यात्रा से भारत और श्रीलंका के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत तथा लोगों के बीच परस्पर संबंधों के और मजबूत होने की उम्मीद है।

भाषा गोला शोभना

शोभना

शीर्ष 5 समाचार