उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने श्रीलंका में भारतीय आवास परियोजना के लाभार्थियों से मुलाकात की

Ads

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने श्रीलंका में भारतीय आवास परियोजना के लाभार्थियों से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 02:36 PM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 02:36 PM IST

(तस्वीरों सहित)

कोलंबो, 20 अप्रैल (भाषा) उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने श्रीलंका के मध्य चाय बागान जिले नुवारा एलिया की अपनी यात्रा के दौरान भारत की सहायता से बने मकानों के भारतीय मूल के तमिल लाभार्थियों से सोमवार को मुलाकात की।

श्रीलंका की दो दिन की यात्रा पर आए राधाकृष्णन ने भारतीय मूल के तमिल समुदाय से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और देश के लोगों की श्रीलंका में तमिल समुदाय के कल्याण को लेकर गहरी प्रतिबद्धता है।

उपराष्ट्रपति ‘सेंट्रल प्रॉविंस’ के नुवारा एलिया में रागला क्षेत्र के लिड्ल्सडेल एस्टेट गए। नुवारा एलिया को श्रीलंका की चाय राजधानी भी कहा जाता है।

उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि भारत सरकार श्रीलंका के ‘नॉर्दर्न प्रॉविंस’ और ‘ईस्टर्न प्रॉविंस’ के तमिल परिवारों तथा बागान क्षेत्रों में भारतीय मूल के तमिल परिवारों को 50,000 मकान उपलब्ध करा चुकी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय आवास परियोजना के चौथे चरण के तहत अतिरिक्त 10,000 मकान दिए जाएंगे।

राधाकृष्णन ने नुवारा एलिया में भारतीय मूल के तमिलों से बातचीत के दौरान चक्रवात दित्वा से हुई तबाही पर ‘‘गहरा दुख’’ भी जताया और ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत की गई भारत की त्वरित राहत एवं बचाव कार्रवाई पर चर्चा की।

यह भारत के किसी उपराष्ट्रपति की श्रीलंका की पहली आधिकारिक यात्रा है।

इसके बाद राधाकृष्णन सीता एलिया स्थित सीता अम्मान मंदिर जाएंगे और वहां से कोलंबो लौटेंगे।

राधाकृष्णन ने रविवार को श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिणी अमरसूर्या से बातचीत के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। अमरसूर्या शिक्षा मंत्री भी हैं।

इस दौरान ‘सीलोन एस्टेट वर्कर्स एजुकेशन ट्रस्ट’ छात्रवृत्ति योजना को बढ़ाने की घोषणा भी की गई। इस योजना के तहत दी जाने वाली छात्रवृत्तियों की संख्या 350 से बढ़ाकर 700 की जा रही है और मासिक वजीफा ‘ए-लेवल’ के छात्रों के लिए 2,500 श्रीलंकाई रुपये (एलकेआर) तथा उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों के लिए 7,500 एलकेआर किया जा रहा है।

राधाकृष्णन ने श्रीलंकाई तमिल और भारतीय मूल के तमिल दलों के नेताओं के साथ रविवार को बातचीत के दौरान घोषणा की कि ‘प्रवासी भारतीय नागरिक कार्ड’ का लाभ अब प्रवासी समुदाय की पांचवीं और छठी पीढ़ी को भी दिया जाएगा।

इससे विशेष रूप से भारतीय मूल के तमिल समुदाय को लाभ होने की उम्मीद है। अब तक यह सुविधा प्रवासी समुदाय की केवल चौथी पीढ़ी तक सीमित थी।

उपराष्ट्रपति ने भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के तहत सभी मकानों का निर्माण पूरा होने और उन्हें सौंपे जाने की भी घोषणा की।

तीसरे चरण के तहत श्रीलंका के ‘सेंट्रल प्रॉविंस’, ऊवा और ‘सदर्न प्रॉविंस’ के बागान क्षेत्रों के श्रमिकों के लिए 4,000 मकानों के निर्माण का प्रावधान है।

तीसरे चरण के तहत 3,855 इकाइयां पहले ही सौंपी जा चुकी थीं और इस यात्रा के दौरान शेष 145 इकाइयां पूरी कर सौंप दी गईं। यह भारतीय आवास परियोजना की प्रगति में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

करीब 15 वर्ष पहले घोषित इस परियोजना के लिए भारत की कुल प्रतिबद्धता लगभग 1,835 करोड़ रुपये की है।

यह श्रीलंका में अनुदान सहायता की प्रमुख परियोजना है और भारत के बाहर उसकी ऐसी सबसे बड़ी अनुदान सहायता परियोजना मानी जाती है।

इस परियोजना के तहत अब तक कम से कम 50,000 मकान पूरे किए जा चुके हैं और चौथे चरण में 10,000 मकानों का काम जारी है।

राधाकृष्णन और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने रविवार को भारत और इस द्वीप देश के बीच तेल पाइपलाइन के जरिये संपर्क स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की।

राधाकृष्णन और दिसानायके ने दोनों दक्षिण एशियाई पड़ोसी देशों के बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने, आवास परियोजनाओं तथा मछुआरों के मुद्दे पर सार्थक बातचीत की। भाषा सिम्मी शोभना

शोभना