हम चीन-भारत के नेताओं के बीच बनी सहमति को लागू करने के लिए तैयार हैं : वांग

Ads

हम चीन-भारत के नेताओं के बीच बनी सहमति को लागू करने के लिए तैयार हैं : वांग

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 06:51 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 06:51 PM IST

(केजेएम वर्मा)

बीजिंग, 24 जून (भाषा) विदेश मंत्री वांग यी ने कहा है कि चीन और भारत के नेताओं के बीच बनी अहम सहमति को लागू करने और संवेदनशील मुद्दों को सही ढंग से संभालने के लिए उनका देश नयी दिल्ली के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के मुताबिक, ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (एनएसए) के शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नयी दिल्ली गए वांग ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अपनी मुलाकात के दौरान ये बातें कहीं।

खबर के मुताबिक, मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी सहमति को लागू करने के अलावा, चीन भारत के साथ मिलकर लगातार भरोसा बढ़ाने, संदेह दूर करने और संवेदनशील मुद्दों को सही ढंग से संभालने के लिए काम करने को तैयार है।

उन्होंने कहा कि चीन परस्पर हित वाले सहयोग को और गहरा करने, चीन-भारत संबंधों की सकारात्मक गति को बनाए रखने और दोनों देशों के आधुनिकीकरण की प्रक्रियाओं को मिलकर आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।

वांग ने यह भी कहा कि चीन 10 सदस्यों वाले इस समूह की ठोस प्रगति को बढ़ावा देने के लिए नयी दिल्ली के साथ मिलकर काम करेगा।

नयी दिल्ली में ब्रिक्स देशों के एनएसए की बैठक में वांग की मौजूदगी के बारे में बताते हुए, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने बुधवार को प्रेसवार्ता में कहा कि अब समय आ गया है कि ब्रिक्स देश सुरक्षा के मुद्दों पर बातचीत और सहयोग को और गहरा करें, जिसमें पारंपरिक और गैर-पारंपरिक सुरक्षा खतरे भी शामिल हैं।

भाषा शफीक प्रशांत

प्रशांत