(फिलिप ओल्डफील्ड और विलियम क्राफ्ट, न्यू साउथ वेल्स यूनिवर्सिटी)
सिडनी, 23 अगस्त (द कन्वरसेशन) हम सभी को सिर पर छत, पढ़ने के लिए कक्षाएं और काम करने के लिए कार्यालय या जगह की आवश्यकता होती है।
नयी इमारतों की इस अभूतपूर्व मांग को पूरा करने के लिए दुनियाभर में हम हर महीने एक पूरे न्यूयॉर्क शहर के बराबर इमारतों का निर्माण कर रहे हैं।
यह हमें महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराता है, लेकिन साथ ही इससे दुनिया को गर्म करने वाला भारी मात्रा में उत्सर्जन भी होता है। तो हम अपनी जरूरत के अनुसार निर्माण कैसे कर सकते हैं, बिना अपने ग्रह को नुकसान पहुंचाए? हमारे नए अनुसंधान में इसके कुछ उत्तर मिले हैं।
निर्माण करने की आवश्यकता
नयी इमारतों का निर्माण समुदायों, शहरों और देशों के लिए लाभदायक होता है और आवास की कमी के दबाव को कम करता है। यही कारण है कि ऑस्ट्रेलिया का ‘नेशनल हाउसिंग अकॉर्ड’ 2024 से 2029 के बीच अच्छी जगहों पर 12 लाख नए मकानों का निर्माण करने का लक्ष्य रखता है।
लेकिन ऑस्ट्रेलिया का यह प्रयास दुनियाभर में हर दिन आवश्यक 96,000 नए और किफायती मकानों की जरूरत की तुलना में बहुत छोटा है। हर चार में से एक व्यक्ति विषम परिस्थितियों में रह रहा है।
हालांकि, निर्माण की एक जलवायु-संबंधी कीमत भी होती है। जब भी हम कोई इमारत बनाते हैं, तो हम ऐसी सामग्रियों और निर्माण प्रक्रियाओं का उपयोग करते हैं, जो बड़ी मात्रा में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन करती हैं-इन्हें ‘‘एम्बॉडीड कार्बन” कहा जाता है।
एम्बॉडीड कार्बन की मात्रा को समझने के लिए, एक वर्ग मीटर फर्श की जगह की कल्पना कीजिए। उस एक वर्ग मीटर का निर्माण करने से लगभग आधा टन ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन होगा। अब सोचिए, अगर हर महीने पूरे न्यूयॉर्क शहर के आकार के एक शहर का निर्माण किया जाए, तो उत्सर्जन कितना ज्यादा होगा।
हमने क्या अध्ययन किया
हमारे नए अध्ययन में ऑस्ट्रेलिया में कार्यालय भवनों के निर्माण के रुझानों का विश्लेषण किया गया। वर्तमान में पूरे देश में हमारे पास लगभग 17 करोड़ वर्ग मीटर कार्यालय की जगह है, और 2049 तक 10 करोड़ वर्ग मीटर अतिरिक्त कार्यालय स्थल बनाने की योजना है।
वैश्विक तापमान वृद्धि पर इन इमारतों के प्रभाव को जानने के लिए, हमने उनके द्वारा होने वाले ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन का मॉडल तैयार किया।
हमने पाया कि ऑस्ट्रेलिया की कार्यालय इमारतों से 2024 से 2049 के बीच अनुमानित रूप से 13.8 करोड़ टन ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन होगा। यह संख्या कोयला संचालित 36 बिजलीघरों के एक वर्ष के उत्सर्जन के बराबर है। क्योंकि ऑस्ट्रेलिया में कार्यालय, सभी व्यावसायिक इमारतों का केवल 20 प्रतिशत हिस्सा हैं इसलिए यह हमारे कुल शहरी उत्सर्जन का केवल एक छोटा-सा हिस्सा है।
मिली-जुली तस्वीर
सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि 2024 में कुल उत्सर्जन का 85 प्रतिशत हिस्सा ‘ऑपरेटिंग एमिशन’ का था, लेकिन 2049 तक इसके घटकर केवल 15 प्रतिशत रह जाने का अनुमान है। ऐसा इसलिए है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया अपने ऊर्जा क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन को कम करने की ओर बढ़ रहा है, यानी जीवाश्म ईंधन से हटकर सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों की ओर बढ़ रहा है।
कार्बन उत्सर्जन को कम करना
हमारे अध्ययन में कार्यालय इमारतों में एम्बॉडीड कार्बन को कम करने के कई तरीकों का आकलन किया गया, जिन्हें नीचे संक्षेप में बताया गया है।
हमने पाया कि इन रणनीतियों को एक साथ अपनाने से कुल उत्सर्जन में 4.7 करोड़ टन से अधिक की कमी की जा सकती है। इससे कार्यालय क्षेत्र 2.0° डिग्री सेल्सियस उत्सर्जन मार्ग के लक्ष्य के काफी करीब पहुंच सकता है।
हमारी लगातार बढ़ती वैश्विक आबादी के लिए लाखों नए घरों, कार्यस्थलों और सामुदायिक स्थानों की आवश्यकता है। लेकिन जलवायु परिवर्तन से वास्तव में निपटने के लिए, हमें ऐसे बेहतर तरीके खोजने होंगे, जिनसे समाज की नयी जगहों की आवश्यकता और उत्सर्जन को कम करने की प्रतिबद्धता के बीच संतुलन बनाया जा सके।
(द कन्वरसेशन)
देवेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल