अमरावती अस्पताल आग: बेटे के जन्म की खुशी कुछ ही देर में मातम में बदली
अमरावती अस्पताल आग: बेटे के जन्म की खुशी कुछ ही देर में मातम में बदली
अमरावती, 24 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के अमरावती के एक सरकारी अस्पताल में स्वप्निल बारगे ने अपने परिजनों को फोन कर बेटा होने की खुशखबरी सुनायी थी। लेकिन चंद घंटे बाद ही वह बदहवास हालत में अपनी पत्नी और एक दिन के बेटे की तलाश में अस्पताल के गलियारों में भटक रहे थे।
बाद में उन्हें पता चला कि उनका नवजात बेटा उन तीन शिशुओं में शामिल था जिनकी नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में आग लगने से मौत हो गई।
सोमवार सुबह बारगे की तलाश तब खत्म हुई जब उन्हें खबर मिली कि समय से पहले जन्मा उनका बेटा आग की चपेट में आकर मारा गया।
अस्पताल की एनआईसीयू में तड़के एक वेंटिलेटर में आग लगने के बाद तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई।
पुलगांव निवासी बारगे ने बताया कि सुबह करीब 3.30 बजे तक सरकारी महिला अस्पताल की एनआईसीयू में धुआं और अफरा-तफरी फैल गई और खुशी चंद पलों में मातम में बदल गई।
उन्होंने रोते हुए कहा, “मैं अपने बच्चे और पत्नी को तलाशता रहा। मैंने बहुत खोजा लेकिन आग लगने के बाद अपने बेटे को नहीं ढूंढ सका। सुबह पता चला कि उसकी मौत हो गई है।”
बारगे ने बताया कि उनकी पत्नी ने रविवार को एक अन्य अस्पताल में समय से पहले और कम वजन वाले बच्चे को जन्म दिया था। बच्चे को एनआईसीयू में भर्ती करने की जरूरत होने के कारण मां और नवजात दोनों को जिला महिला अस्पताल भेजा गया था।
उन्होंने कहा, “मैं बहुत खुश था क्योंकि मेरे बेटा हुआ था। मैंने परिवार को फोन करके यह खुशखबरी दी थी। मैं सो नहीं सका और सुबह तीन बजे तक जागता रहा।”
कुछ ही घंटों में उनकी खुशी मातम में बदल गई।
उन्होंने कहा, “करीब 3.30 बजे मैं एक दोस्त के साथ अस्पताल के गेट पर खड़ा था, तभी एक महिला के चिल्लाने की आवाज सुनी लेकिन हमें कुछ नहीं बताया गया। फिर अफरा-तफरी मच गई और दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। मैं अपने बच्चे और पत्नी को तलाशता रहा लेकिन उन्हें नहीं ढूंढ सका।”
बारगे को सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने नवजात बेटे की मौत की जानकारी मिली। वह रोते हुए कहे जा रहे थे कि अब वह अपने बेटे को कभी गोद में नहीं ले पाएंगे, उसके साथ खेल नहीं पाएंगे और उसे बड़ा होते नहीं देख पाएंगे।
भाषा
राखी नरेश
नरेश
लेखक के बारे में
Web Title: अमरावती अस्पताल आग: बेटे के जन्म की खुशी कुछ ही देर में मातम में बदली
AMRAVATI
और भी पढ़ें ›जरांगे की आलोचना करने वाली महिला पर अभद्र टिप्पणियां, प्राथमिकी दर्ज
01 Oct 2026 | 11:24 pmकॉजपा संस्थापक अभिजीत दीपके को मुंबई पुलिस ने संक्षिप्त हिरासत में लिया
01 Oct 2026 | 11:04 pmखबर महाराष्ट्र दीपके पुलिस हिरासत
01 Oct 2026 | 10:55 pmमहाराष्ट्र सरकार ने 19 और तहसीलों में सूखा आकलन सर्वेक्षण के निर्देश दिए
01 Oct 2026 | 10:20 pmप्यार में विफल युवक 60 फुट ऊंचे पेड़ पर चढ़ा; पुलिस ने समझा-बुझाकर नीचे उतारा
01 Oct 2026 | 9:56 pmऊंची उड़ान के धनी हैं ‘सच्चे नायक’ स्मित मच्छार
01 Oct 2026 | 9:54 pmआईआईटी-मुंबई के छात्र वाकोडे की मौत की ‘धीमी जांच’ के लिए फडणवीस जिम्मेदार: प्रकाश आंबेडकर
01 Oct 2026 | 8:48 pmथाईलैंड जा रहा व्यक्ति मुंबई हवाई अड्डे पर गिरफ्तार, सात किलोग्राम केटामीन के साथ गिरफ्तार
01 Oct 2026 | 8:35 pm