बिहार में राजग के सभी उम्मीदवार राज्यसभा चुनाव में भारी अंतर से जीत हासिल करेंगे: संजय कुमार झा

Ads

बिहार में राजग के सभी उम्मीदवार राज्यसभा चुनाव में भारी अंतर से जीत हासिल करेंगे: संजय कुमार झा

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 09:43 PM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 09:43 PM IST

पटना, 14 मार्च (भाषा) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने शनिवार को दावा किया कि राज्यसभा के चुनाव में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के सभी उम्मीदवार भारी बहुमत से जीत हासिल करेंगे।

झा ने यह बयान 16 मार्च को बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव से ठीक दो दिन पहले दिया।

बिहार में राज्यसभा की पांच सीट के लिए छह उम्मीदवार मैदान में है, जिसमें सत्ताधारी राजग से पांच और विपक्ष से एक उम्मीदवार मैदान में हैं।

कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी चुनाव लड़ रहे हैं।

व्यवसायी से राजनेता बने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अमरेंद्र धारी सिंह भी चुनाव में उम्मीदवार हैं।

झा ने पटना स्थित उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर उनसे मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा, “हमें नहीं पता कि विपक्षी नेता बिहार में राज्यसभा चुनाव के नतीजों को लेकर क्या दावा कर रहे हैं। मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि राज्यसभा चुनाव में राजग के सभी उम्मीदवार भारी अंतर से जीत हासिल करेंगे।”

बिहार में राजग गठबंधन के सहयोगी दलों ने चुनाव से पहले की रणनीति पर चर्चा करने के लिए अपने-अपने विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।

एक तरफ जहां भाजपा की राज्य इकाई की कोर कमेटी की बैठक पटना स्थित पार्टी कार्यालय में हुई, वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-रामविलास)ने भी अपने विधायकों की अलग बैठक बुलाई।

बिहार में राज्यसभा चुनाव के केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ​​और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा दोनों बैठकों में उपस्थित थे।

शनिवार को राज्य की राजधानी में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर भी ऐसी ही एक बैठक हुई।

राजग के उम्मीदवार कुशवाहा, उच्च सदन में लगातार दूसरी बार चुने जाने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा की राज्य इकाई की कोर कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, “यह बैठक राज्यसभा चुनाव में मतदान के बारे में नव निर्वाचित पार्टी विधायकों को सूचित करने और प्रशिक्षित करने के लिए बुलाई गई थी।”

भाषा जितेंद्र माधव

माधव