कांग्रेस का नेतृत्व जब तक राहुल गांधी करेंगे तबतक पार्टी और रसातल में जाएगी: रविशंकर प्रसाद

कांग्रेस का नेतृत्व जब तक राहुल गांधी करेंगे तबतक पार्टी और रसातल में जाएगी: रविशंकर प्रसाद

कांग्रेस का नेतृत्व जब तक राहुल गांधी करेंगे तबतक पार्टी और रसातल में जाएगी: रविशंकर प्रसाद
Modified Date: May 23, 2026 / 06:52 pm IST
Published Date: May 23, 2026 6:52 pm IST

पटना, 23 मई (भाषा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘जब तक वह अपनी पार्टी का नेतृत्व करते रहेंगे, तब तक पार्टी का और रसातल में जाना तय है’’।

राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था के प्रबंधन को लेकर सरकार की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस को ‘गद्दार’ करार दिया था और उनपर ‘सातों दिन’ संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया था।

राहुल अपने इस बयान की वजह से भाजपा और उसके सहयोगी दलों के निशाने पर हैं।

प्रसाद ने संवाददाताओं द्वारा राहुल गांधी के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, ‘‘क्या राहुल गांधी को इस तरह की टिप्पणियां करने के अलावा कुछ और आता है? कांग्रेस बार-बार हारती है और उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाती है, फिर भी उनका अहंकार साफ दिखाई देता है।’’

प्रसाद ने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने विदेशों में बार-बार ‘‘भारत के खिलाफ शर्मनाक टिप्पणियां’’ कीं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘जब तक राहुल गांधी पार्टी का नेतृत्व करते रहेंगे, तब तक इसका और रसातल में जाना तय है।’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने ये टिप्पणियां पटना महानगर में भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन के अवसर पर कीं। इस शिविर का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया।

प्रशिक्षण शिविर भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’’ का हिस्सा है।

नवीन के संबोधन के बारे में पूछे जाने पर प्रसाद ने कहा, ‘‘नितिन नवीन जी ने जनसंघ के दिनों से लेकर भाजपा के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय किस प्रकार राष्ट्र की प्रगति को सुगम बना सकता है।’’

कार्यक्रम के उद्घाटन से पहले नवीन ने अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सराओगी और प्रसाद समेत वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ नवीन ने बिहार सरकार के विकास कार्यों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

भाषा धीरज संतोष

संतोष


लेखक के बारे में