(फोटो सहित)
पटना, पांच मई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर जिले में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से का मंगलवार को हवाई सर्वेक्षण किया और अधिकारियों को तीन महीने के भीतर इसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने सेतु के क्षतिग्रस्त भाग की मरम्मत के साथ-साथ पूरे पुल के व्यापक मरम्मत कार्य को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए और इसे तुरंत शुरू किया जाए, ताकि पुल को जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से चालू किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था अविलंब सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, स्टीमर के परिचालन में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने और उस पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।
भागलपुर जिले में स्थित लगभग 4.7 किलोमीटर लंबे विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा रविवार देर रात ध्वस्त हो गया था। यह सेतु भागलपुर और नवगछिया के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के रूप में कार्य करता है।
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने सुल्तानगंज-अगुवानी सेतु निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इस परियोजना को क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि इसके पूरा होने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा लोगों की आवाजाही सुगम बनेगी।
विक्रमशिला सेतु के हवाई सर्वेक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भाषा कैलाश आशीष
आशीष