बिहार में डायल-112 को एआई से अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश, हिंदी प्रयोग पर भी जोर

बिहार में डायल-112 को एआई से अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश, हिंदी प्रयोग पर भी जोर

बिहार में डायल-112 को एआई से अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश, हिंदी प्रयोग पर भी जोर
Modified Date: May 28, 2026 / 06:22 pm IST
Published Date: May 28, 2026 6:22 pm IST

पटना, 28 मई (भाषा) बिहार के गृह सचिव कुंदन कुमार ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपातकालीन सहायता प्रणाली (ईआरएसएस) यानी डायल-112 की कार्यप्रणाली को कृत्रिम मेधा (एआई) और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से और अधिक प्रभावी तथा त्वरित बनाया जाए।

उन्होंने ईआरएसएस व्यवस्था को अधिक संवेदनशील और उत्तरदायी बनाने के लिए संबंधित कर्मियों के नियमित प्रशिक्षण पर भी विशेष बल दिया।

केंद्रीय गृह सचिव के निर्देश पर आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कुंदन कुमार ने कहा कि तकनीक के अधिकतम उपयोग से आपातकालीन सेवाओं की दक्षता बढ़ाई जा सकती है।

इस बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (वायरलेस) अमित लोढ़ा, अपर पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण) अजिताभ कुमार और अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) पारस नाथ उपस्थित थे।

विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, बैठक में ईआरएसएस योजना, थानों में सीसीटीवी स्थापना, अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क एवं प्रणाली (सीसीटीएनएस) तथा पुलिस मुख्यालय से जुड़े लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कुंदन कुमार ने अधिकारियों से विभागीय प्रस्तुतियों और आधिकारिक कार्यों में राजभाषा हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने का भी आह्वान किया। उन्होंने पुलिस मुख्यालय में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

भाषा

कैलाश रवि कांत


लेखक के बारे में