बिहार सरकार जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए तत्परता से काम कर रही: विजय चौधरी

Ads

बिहार सरकार जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए तत्परता से काम कर रही: विजय चौधरी

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 06:41 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 06:41 PM IST

पटना, 24 मई (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार जलवायु परिवर्तन के ‘‘ज्वलंत मुद्दे’’ पर गंभीरता और संवेदनशीलता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नवगठित बिहार जलवायु हरित कोष (बीसीजीएफ) हरित आवरण बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पटना में पत्रकारों से बातचीत में चौधरी ने कहा कि यह कोष जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में स्थापित यह कोष आने वाले वर्षों में बिहार के हरित आवरण को बढ़ाने में सहायक होगा। यह दर्शाता है कि राज्य सरकार जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए कितनी गंभीर है।’’

उन्होंने कहा कि इस कोष में विभिन्न विभागों की निविदाओं और अनुबंधों पर 0.25 प्रतिशत उपकर, खनन रॉयल्टी पर 0.5 प्रतिशत उपकर और नए वाहनों के पंजीकरण पर एक प्रतिशत उपकर से राजस्व प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा, स्वैच्छिक सार्वजनिक योगदान और उद्योगों की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) से भी इस कोष को सहायता मिलेगी।

चौधरी ने कहा, ‘‘ऐसे समय में जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से जूझ रही है और वैश्विक मंच समाधानों पर चर्चा कर रहे हैं, इससे निपटने के लिए बिहार सरकार का संवेदनशील और सक्रिय दृष्टिकोण अनुकरणीय है।’’

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पर्यावरण संरक्षण संबंधी पहल को याद करते हुए कहा कि 2019 में शुरू किया गया जल-जीवन हरियाली मिशन जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए एक सफल मॉडल के रूप में उभरा है।

चौधरी ने कहा कि यह ‘‘खुशी की बात’’ है कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार नीतीश कुमार प्रशासन के दौरान निर्धारित सिद्धांतों और तरीकों पर काम करना जारी रखे हुए है।

उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वाहनों के इस्तेमाल को कम करने और काफिलों को सीमित करने की अपील का भी उल्लेख किया।

भाषा आशीष सुभाष

सुभाष