बिहार: सरकार धार्मिक न्यासों की भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष प्रकोष्ठ बनाएगी
बिहार: सरकार धार्मिक न्यासों की भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष प्रकोष्ठ बनाएगी
पटना, 29 मई (भाषा) बिहार सरकार ने मठों, मंदिरों और अन्य धार्मिक न्यासों की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए एक विशेष प्रकोष्ठ गठित करने का फैसला किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में पटना में हुई एक बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद की भूमि की सुरक्षा और अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाने पर चर्चा की गई।
विभाग की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, जायसवाल ने कहा, “राज्य सरकार धार्मिक न्यासों, मठों, मंदिरों और धार्मिक स्थलों की लाखों एकड़ भूमि की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने कहा, “न्यास की भूमि से जुड़े मामलों की निगरानी, कानूनी कार्रवाई के समन्वय और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया की देखरेख के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, विधि विभाग तथा बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के अधिकारियों को शामिल करते हुए एक विशेष प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा।”
मंत्री ने कहा कि पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए एक विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी तैयार की जाएगी।
बयान के अनुसार, बैठक में धार्मिक संस्थानों की भूमि अभिलेखों को अद्यतन करने, डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने और विवादित भूखंडों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के लिए चिन्हित करने पर भी चर्चा की गई। जायसवाल ने कहा कि सरकार धार्मिक संस्थाओं की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


