बिहार: राजग के सहयोगी दलों के नेताओं ने केंद्रीय बजट की सराहना की

Ads

बिहार: राजग के सहयोगी दलों के नेताओं ने केंद्रीय बजट की सराहना की

  •  
  • Publish Date - February 2, 2026 / 07:56 PM IST,
    Updated On - February 2, 2026 / 07:56 PM IST

पटना, दो फरवरी (भाषा) बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी सहयोगी दलों के नेताओं ने सोमवार को केंद्रीय बजट 2026–27 को “समावेशी और विकासोन्मुख” बताते हुए केंद्र सरकार की जमकर सराहना की।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बजट पेश किए जाने के एक दिन बाद आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट निर्यात बढ़ाने और आयात घटाने पर केंद्रित है, जिससे देश और अधिक मजबूत होगा। सरावगी ने कहा कि बजट में ‘वीबी जी राम जी’ अधिनियम के क्रियान्वयन के लिए 95,692 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे बिहार सहित ग्रामीण राज्यों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने देश में दो समर्पित जहाज मरम्मत हब विकसित करने के सरकार के निर्णय की भी सराहना की, जिनमें से एक बिहार में स्थापित किया जाएगा।

सरावगी ने कहा कि इससे अंतर्देशीय जल परिवहन को मजबूती मिलेगी, नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और तकनीकी व गैर-तकनीकी दोनों तरह के रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि 20 नए राष्ट्रीय जलमार्गों को परिचालन में लाने का प्रस्ताव किया गया है जबकि वाराणसी–सिलीगुड़ी उच्च गति रेल कॉरिडोर का प्रस्ताव भी रखा गया है, जो बिहार से होकर गुजरेगा।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधान परिषद के सदस्य और प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि यह बजट राज्य में विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करने और मानव विकास सूचकांक से जुड़ी चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने दावा किया कि पर्यटन पर विशेष जोर दिया गया है, जो पर्यटन-केंद्रित राज्य बिहार के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को समेटे हुए विकसित भारत के निर्माण का खाका प्रस्तुत करता है।

उन्होंने कहा कि किसानों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और चिकित्सा पेशेवरों सहित समाज के सभी वर्गों पर विशेष ध्यान दिया गया है और यह बजट जनता के जनादेश को प्रतिबिंबित करता है।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने कहा कि यह बजट रणनीतिक पूंजी उन्नयन, उच्च कौशल की मांग, अधिक रोजगार, निर्यात में वृद्धि और आधुनिकीकरण पर ध्यान केंद्रित कर विकसित भारत की नींव रखेगा।

उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से युवाओं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को लाभ मिलेगा।

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के पदाधिकारी डीएन सिन्हा ने बजट को “संतुलित और सराहनीय” करार दिया।

उन्होंने कहा, “इसमें स्वरोजगार पर विशेष ध्यान दिया गया है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को मजबूती प्रदान की गई है, जिससे रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही महिला सशक्तीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया है।”

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र