पटना, 17 मार्च (भाषा) बिहार की राजधानी पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को नारकोटिक्स टीम पर करीब 100 लोगों की भीड़ ने हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस को आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार यह घटना पूर्वाह्न करीब 11:45 बजे की है, जब पुलिस अवर निरीक्षक राहुल देव के नेतृत्व में नारकोटिक्स टीम चीनाकोटी मोहल्ले में छापेमारी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ ने पुलिस दल पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड गोलियां चलाईं। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आकाश धागड़ (25) को हिरासत में लिया है। उसके पास से 54 पुड़िया स्मैक और 6,700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
इस घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है।
भाषा
कैलाश
रवि कांत