बिहार: इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावास की छत से गिरने पर छात्रा की मौत, विद्यार्थियों ने किया हंगामा
बिहार: इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रावास की छत से गिरने पर छात्रा की मौत, विद्यार्थियों ने किया हंगामा
नालंदा, 25 सितंबर (भाषा) बिहार के नालंदा जिले में एक सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज की एक छात्रा की छात्रावास की छत से कथित रूप से गिरने की वजह से मौत हो गई। अधिकारियों ने घटना के बारे में बृहस्पतिवार को जानकारी दी।
छात्रा की जान जाने के बाद आक्रोशित छात्रों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान छात्रों ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त करने के अलावा कॉलेज की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के चंडी में स्थित नालंदा इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा सोनम कुमारी बुधवार रात छात्रावास की छत से कथित रूप से गिर गई थी।
उन्होंने बताया कि छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन ने सोनम कुमारी को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाने के लिए वाहन उपलब्ध नहीं कराया।
इसके बाद छात्रों ने हंगामा किया। हंगामे के दौरान छात्रों ने एक पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और कॉलेज की संपत्ति में तोड़फोड़ की। इस बीच पुलिस के छात्रों पर लाठीचार्ज करने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि, भाषा की ओर से वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।
हिलसा के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अमित कुमार पटेल ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के परिजनों से लिखित शिकायत मिली है, जिस पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा कैलाश राजकुमार संतोष
संतोष

Facebook


